भीलवाड़ा में वाइन शॉप मालिक पर पुलिसकर्मियों ने जमकर डंडे बरसाए। युवक अपनी दुकान पर गाड़ी (वैन) लेने गया था। अचानक पुलिसकर्मी आए और उस पर हमला कर दिया। युवक को गंभीर हालत में महात्मा गांधी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। घटना सुभाषनगर थाना इलाके की सुखाड़िया सर्किल की गुरुवार रात 9:15 बजे की है। शुक्रवार को घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया। महात्मा गांधी हॉस्पिटल के पीएमओ डॉ. अरुण गौड़ ने शुक्रवार को बताया- युवक के नाक की हड्डी टूटी है। चेहरे पर इंजरी है। चार टांके लगे हैं। ईएनटी के डॉक्टर चेक कर रहे हैं। उसका इलाज चल रहा है। घायल युवक के पिता ने एसपी से आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। दुकान पर गाड़ी लेने गया था, पुलिस ने मारपीट की
सुभाष नगर की राजपूत कॉलोनी में रहने वाले युवक के पिता शराब ठेकेदार कैलाश चंद्र सुवालका ने शुक्रवार को एसपी धर्मेंद्र सिंह को लिखित में शिकायत दी। उन्होंने सुभाषनगर थाना के 3 पुलिसकर्मियों पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। उन्होंने इन तीनों पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत में कैलाश चंद्र ने लिखा- सुखाड़िया सर्किल पर मेरी वाइन शॉप है। गुरुवार रात 8 बजे बड़े बेटे खेमशंकर ने दुकान बंद की। उसके पास वैन की चाबी थी। छोटा बेटा सुभाष (28) वैन लेने के लिए दुकान पर आने वाला था। खेमशंकर दुकान पर सुभाष का इंतजार कर रहा था। पुलिसकर्मी ने गाली देकर बुलाया, फिर डंडे बरसाए
रात 9 बजे सुभाष दुकान के बाहर वैन लेने पहुंचा। तब वहां मौजूद 3 पुलिसकर्मियों ने गाली-गलौज कर उसे आवाज दी। इसके बाद वे आए और बेवजह लाठियों से हमला कर दिया। खेमशंकर बीच-बचाव करने आया। उस पर भी पुलिस ने हमला कर दिया। अगर बड़ा बेटा वहां नहीं होता तो पुलिसकर्मी सुभाष को जान से मार डालते। घटना के बाद खेमशंकर ने मुझे कॉल कर जानकारी दी। मैं और खेमशंकर सुभाष को हॉस्पिटल लेकर गए। बेटे के नाक की हड्डी टूट गई है। चेहरे पर कई टांके आए हैं। आंखों में गंभीर सूजन है। सुभाषनगर थाने के आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए। कैलाश चंद्र ने आरोप लगाया कि सुभाषनगर थाने के पुलिसकर्मियों ने बेटे पर बेरहमी से हमला किया। एक पुलिसकर्मी ने उसके चेहरे और सिर पर डंडे बरसा दिए। इसके बाद उसे मरा समझकर मौके पर छोड़कर चले गए। एसपी बोले- जांच कराएंगे, कौन पुलिसकर्मी थे
मामले में एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया- ऐसा मामला सामने आया है। इसकी जांच कराएंगे कि कौन पुलिसकर्मी थे। क्या मामला था। जानकारी का प्रेस नोट जारी कर देंगे। चेहरे पर ताबड़तोड़ बरसाए डंडे
घटना के 5 मिनट के सीसीटीवी वीडियो में सुभाष दुकान के बाहर रोड पर खड़ा नजर आ रहा है। पास ही पुलिसकर्मियों की टीम खड़ी है। एक सेल्समैन वाइन शॉप का बोर्ड लेकर दुकान की तरफ जाता है। इसके बाद सुभाष दुकान की तरफ बढ़ता है। पीछे-पीछे एक पुलिसकर्मी आता है और सुभाष की गर्दन पकड़ लेता है। इसके बाद दो और पुलिसकर्मी आते हैं। सुभाष के सिर और चेहरे पर डंडे बरसाने लगते हैं। वहां मौजूद सेल्समैन पुलिस को समझाने की कोशिश करता है। लेकिन, तीनों पुलिसकर्मी सुभाष पर टूट पड़ते हैं। सुभाष के लहूलुहान होने पर तीनों पुलिसकर्मी दूर चले जाते हैं। सेल्समैन मोबाइल पर कॉल लगाता है। इसके बाद खेमशंकर, सेल्समैन और अन्य लोग सुभाष को हॉस्पिटल ले जाने के लिए कार लाते हैं। लहूलुहान हालत में सुभाष पत्थर उठाता है और पुलिसकर्मियों की तरफ बढ़ता है। इसके बाद घायल सुभाष को वहां मौजूद लोग और एक अन्य पुलिसकर्मी कार में बैठाने की कोशिश करते हैं।


