राजस्थान में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी ने अभी से हाल बेहाल कर दिए। बुधवार को दिनभर तेज गर्मी के बाद जयपुर, बीकानेर, अलवर, चूरू और सीकर में शाम को मौसम का मिजाज बदला। जयपुर में आंधी के साथ कुछ जगह हल्की बूंदाबांदी हुई। बीकानेर में भी रिमझिम हुई। सीकर में दोपहर करीब 2:30 बजे तापमान 44.5 डिग्री रहने के बाद शाम को अचानक काले घने बादल छा गए। सीकर में रात को तेज आंधी चली। अलवर और चूरू में भी बादल छाने के साथ कई जगह तेज आंधी चली। मौसम विभाग ने गुरुवार से भरतपुर, बीकानेर, जयपुर संभाग के 14 जिलों में बादल छाने, आंधी चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। इसका असर 11 अप्रैल को भी रहेगा। इसके बाद गर्मी फिर तेज होगी बाड़मेर में गर्मी ने 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ा
बाड़मेर में मंगलवार को तापमान ने 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जैसलमेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ समेत कई जिलों में कल तेज गर्मी रही। राजधानी जयपुर में भी पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, जैसलमेर में भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। पिछले 24 घंटे के दौरान राजस्थान के अधिकांश शहरों में आसमान साफ रहा और तेज धूप रही। पश्चिमी राजस्थान में तेज धूप और हीटवेव के कारण यहां इस सीजन में पारा पहली बार 46 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। रात में दिन जैसी गर्मी, पारा 31 डिग्री सेल्सियस से ऊपर राजस्थान में वार्म नाईट (गर्म रात) का दौर शुरू हो गया। कल बाड़मेर में रात का मिनिमम टेम्प्रेचर 31.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो यहां के औसत न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री ऊपर था। बाड़मेर में रात में जितनी गर्मी थी, उतनी तेज गर्मी माउंट आबू में भरी दोपहरी में थी। माउंट आबू में कल दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।


