लालसोट के रामगढ़ पचवारा थाना क्षेत्र के बिछा गांव की कुशाला ढाणी में बुधवार को तीन झोपड़ों में आग लग गई। इस दौरान जयराम, लालू, गंगासहाय और बाबूलाल मीणा के झोपड़ों में लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग में एक मोटरसाइकिल के अलावा झोपड़ों में रखा अनाज, पशुओं का चारा और अन्य कीमती घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। जहां दमकल कर्मियों ने आग पर पानी डालकर काबू पाया। घटना की जानकारी मिलते ही सरपंच और पटवारी भी मौके पर पहुंचे। पटवारी ने मौका रिपोर्ट तैयार की और पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इस अग्निकांड में पीड़ित परिवारों को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।


