अलीगढ़ पुलिस लाइन में चल रही आगरा जोन के पुलिस कर्मियों की 16वीं अंतर जनपदीय पुलिस जूड़ो क्लस्टर प्रतियोगिता का शुक्रवार को समापन हुआ। इसमें महिला और पुरुष टीम के बीच जूडो, वुशू, ताइक्वांडो, कराटे, पेंचक सिलाट के विभिन्न मुकाबले हुए। इस प्रतियोगिता में अलीगढ़ पुलिस के जवानों ने 27 मेडल जीते और ओवरऑल चैंपियन बने। वहीं दूसरे नंबर पर मैनपुरी पुलिस की टीम रही, जिसने 20 मेडल अपने नाम किए। तीसरे नंबर पर मथुरा पुलिस की टीम रही। मथुरा पुलिस ने प्रतियोगिता में कुल 13 मेडल अपने नाम किए हैं। 7 जिलों के 124 खिलाड़ी हुए शामिल पुलिस लाइन में 18 से 20 दिसंबर तक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें आगरा जोन के 7 जिलों के कुल 124 खिलाड़ी शामिल हुए थे। मुख्य अतिथि के तौर पर डीआईजी प्रभाकर चौधरी मौजूद रहे। वहीं एसएसपी संजीव सुमन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की और पुलिस कर्मियों का उत्साह बढ़ाया। इसमें अलीगढ़ ने 27 मेडल जीते, जिसमें 13 गोल्ड और 14 सिल्वर मेडल शामिल हैं। वहीं मैनपुरी ने 20 मेडल जीते, जिसमें 9 गोल्ड, 6 सिल्वर और 5 ब्रांज मेडल शामिल हैं। तीसरे नंबर पर रही मथुरा की टीम ने कुल 13 मेडल जीते, इसमें 3 गोल्ड, 7 सिल्वर और 3 ब्रांज मेडल शामिल हैं। सभी टीमों और विजेता खिलाड़ियों को डीआईजी और एसएसपी ने सम्मानित किया। चुस्त रहने के लिए खेलकूद जरूरी डीआईजी प्रभाकर चौधरी ने पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस कर्मियों को नियमित रूप से किसी न किसी खेल से जुड़ना चाहिए। इससे शरीर में चुस्ती फूर्ति रहती है और पुलिस कर्मी तनाव मुक्त रहते हुए काम कर सकते हैं। हर दिन पुलिस कर्मी कम से कम 1 घंटा आउटडोर खेल जरूर खेलें। प्रतियोगिता के समापन के दौरान एसपी क्राइम ममता कुरील, एसपी ट्रैफिक मुकेश उत्तम, एएसपी (ट्रेनी आईपीएस) अरिबा ओमान, जिले के सभी सीओ, प्रतिसार निरीक्षक अनुभव त्रिपाठी समेत बड़ी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे।


