1 साल पहले भर्ती डीआरआई इंस्पेक्टर कर रहा था तस्करी

भास्कर न्यूज | अमृतसर सीआईए स्टाफ की टीम और छेहर्टा पुलिस ने हेरोइन के 2 बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 4.04 किलो हेरोइन के साथ 8 तस्करों को काबू किया है। पहले मामले में एक किलो हेरोइन के साथ केंद्रीय एजेंसी डीआरआई इंस्पेक्टर सहित 2 आरोपियों को काबू किया गया है। आरोपी डीआरआई इंस्पेक्टर मनजीत सिंह हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है, एक साल पहले भर्ती होने के बाद वह सिटी में बतौर डीआईआर तैनात था। वह सिटी के एक ऑफिशियल क्वार्टर में रहता था। फिरोजपुर गांधी नगर के रहने वाले रवि कुमार के साथ उसकी मुलाकात हुई, जिसके बाद उन्होंने पाकिस्तानी तस्करों के साथ संपर्क कर हेरोइन की तस्करी करनी शुरू कर दी। सीआईए स्टाफ ने रविवार को रणजीत एवेन्यू में रेड कर दोनों आरोपियों को काबू किया था। सोमवार को कोर्ट में पेश कर 2 दिन का रिमांड हासिल किया था। जिन्हें बुधवार दोबारा कोर्ट में पेश कर 4 दिन का रिमांड हासिल किया है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि दूसरे मामले में छेहर्टा पुलिस ने गांव धनोआ खुर्द के पलविंदर सिंह उर्फ टिंडू, हरिकृष्ण नगर का रोहित शर्मा उर्फ रोहित, गांव चौगावां का अभिषेक सिंह, बाबा दीप सिंह कॉलोनी का अर्शदीप सिंह, सुंदर नगर का अमित कुमार उर्फ सोनू और गांव छिड्डन का सतनाम सिंह को काबू कर 3.03 किलो हेरोइन बरामद की। जांच में सामने आया कि अमित कुमार सरहद पार हवाला नेटवर्क चला रहा था। इसी के जरिए नशे का कारोबार हो रहा था। पुलिस ने छेहर्टा में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ पहले से कोई केस दर्ज नहीं है। आरोपियों की उम्र 20 से 30 साल तक की है। वहीं हवाला राशि के मामले में सिटी में चल रही फोरेक्स कंपनी का नाम आया सामने है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *