भास्कर न्यूज | कवर्धा नगर के छीरपानी कॉलोनी ग्राउंड में पिछले 12 वर्षों से बेसबॉल और साफ्टबॉल खेल संचालित हो रहे हैं। यहां के खिलाड़ी हर साल राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर कबीरधाम जिले का नाम रोशन कर रहे हैं। लेकिन इन्हीं होनहार खिलाड़ियों को बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। खिलाड़ियों के पास खेल सामग्री रखने की जगह नहीं है। पहले इनडोर स्टेडियम में सामान रखा जाता था, अब वहां से हटा दिया गया है। महंगे खेल उपकरणों को रखने की कोई सुरक्षित जगह नहीं बची है। उपमुख्यमंत्री, नगर पालिका अध्यक्ष और कलेक्टर को चेंजिंग रूम के लिए आवेदन दिया गया है। अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इससे खिलाड़ी हताश और निराश हैं। नपाध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी का कहना है कि खिलाड़ियों को सुविधा देने हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पेयजल व फ्लड लाइट की व्यवस्था की जाएगी। छीरपानी कॉलोनी मैदान में दो साल पहले बोर खनन तो कर दिया गया था, पर अब तक उसमें मोटर पंप नहीं लगाया गया है। मैदान में पीने के पानी की भी व्यवस्था नहीं है। इससे खिलाड़ियों को काफी परेशानी हो रही है। अभ्यास के लिए फ्लड लाइट की भी जरूरत है। लेकिन अब तक मैदान में फ्लड लाइट नहीं लगाई गई है। इससे शाम के समय अभ्यास करना मुश्किल हो जाता है। प्रयास स्पोर्ट्स अकेडमी के प्रशिक्षक राजा जोशी बताते हैं कि छीरपानी ग्राउंड में बेसबॉल और सॉफ्टबॉल की प्रेक्टिस करने नियमित रूप से 50 बच्चे आते हैं। बच्चों को निशुल्क कोचिंग दे रहे हैं। समस्या ये है कि खिलाड़ियों के पास अब अच्छे खेल उपकरण भी नहीं हैं। इससे अभ्यास की गुणवत्ता पर असर पड़ रहा है। प्रशासन की अनदेखी से खिलाड़ियों का मनोबल टूट रहा है।


