9 राज्यों के 96 जिलों में लू का अलर्ट:गुजरात-राजस्थान और MP में पारा 45 डिग्री पार हुआ; बिहार-बंगाल में बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने देश के 9 राज्यों में लू का अलर्ट जारी किया है। इधर 14 राज्यों में आंधी-बारिश की संभावना भी जताई गई है। राजस्थान, मध्य प्रदेश और दिल्ली समेत 9 राज्यों के 96 जिलों में हीटवेव चलेंगी। मध्य प्रदेश के ग्वालियर, मुरैना, भिंड समेत 11 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में तापमान 44 डिग्री तक जा सकता है। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में आज भी तापमान 45 डिग्री पार होने की संभावना है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस और बंगाल की खाड़ी में बढ़ते दबाव के चलते आज पूर्वोत्तर भारत में तापमान गिरने के आसार हैं। बिहार और बंगाल में हल्की बारिश संभव है। दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में गुरुवार को तेज बारिश हो सकती है। केरल के तिरुवनंतपुरम, कन्नूर, कोझिकोड और एर्नाकुलम में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं बीते दिन बुधवार को गुजरात- राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई जिलों में पारा 45 डिग्री पार कर गया। गुजरात के कांडला में 45.6 डिग्री तो राजस्थान के जैसलमेर और बाड़मेर में पारा 45 डिग्री पार कर गया। राजधानी दिल्ली में तापमान सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा 42 डिग्री दर्ज हुआ। अगले 2 दिन कैसा रहेगा मौसम?
राजस्थान, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, विदर्भ और हरियाणा में अगले दो दिन लू का असर बना रहेगा। कई जिलों में पारा 45 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, असम, अरुणाचल और नागालैंड में बारिश और ओले गिरने की संभावना है। केरल, तमिलनाडु और आंध्र में अगले दो दिन तक कई जगहों पर बारिश होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *