पश्चिम बंगाल में वक्फ कानून पर हिंसा, 22 लोग गिरफ्तार:कल से मुस्लिम लॉ बोर्ड का विरोध प्रदर्शन, सुप्रीम कोर्ट में 10 याचिकाओं पर 16 अप्रैल को सुनवाई

वक्फ संशोधन कानून के विरोध में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुए हिंसा के बाद पुलिस ने 22 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में से आठ उपद्रवियों को आगे की जांच के लिए पुलिस हिरासत में लिया है। दरअसल, प्रदर्शनकारियों ने 8 अप्रैल को वक्फ कानून के विरोध में कई वाहनों को आग लगा दी थी। इसमें पुलिस की गाड़ियां भी शामिल थी। झड़प में प्रदर्शनकारियों ने पथराव भी किया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। प्रभावित क्षेत्रों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी गई। इलाके में इंटरनेट सेवाएं भी बंद हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने मंगलवार को वक्फ कानून को पश्चिम बंगाल में लागू नहीं करने की बात कही थी। उन्होंने कहा था- जब तक पश्चिम बंगाल में ममता दीदी है, मुस्लिम समुदाय की संपत्ति की रक्षा करेगी। वक्फ संशोधन बिल को पास होने के बाद से अबतक सुप्रीम कोर्ट में 12 याचिकाएं दाखिल हो चुकी हैं। कोर्ट 10 याचिकाओं पर 16 अप्रैल को सुनवाई करेगा। वहीं, ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने 11 अप्रैल से पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की है। गुरुवार को भोपाल में AIMPLB प्रदर्शन करेगा। वक्फ कानून के विरोध में भोपाल में आज प्रदर्शन वक्फ बिल के विरोध में गुरुवार को भोपाल में मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड प्रदर्शन करेगा। दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड पर यह प्रदर्शन होगा। इसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग जुटेंगे। यह धरना सेंट्रल लाइब्रेरी ग्राउंड पर होगा। बता दें कि लोकसभा और राज्यसभा में वक्फ बिल को पास करने के बाद राष्ट्रपति की मंजूरी मिल गई। इसके बाद इसे लागू कर दिया गया। इसके विरोध में प्रदर्शन हो रहा है। भोपाल में शांतिपूर्वक तरीके से प्रदर्शन किए जाने की बात कही जा रही है। दो घंटे का धरना, रैली नहीं निकालेंगे मेम्बर आमला, ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड के सदस्य आरिफ मसूद ने बताया, भोपाल में 2 घंटे का प्रदर्शन होगा। इसमें कोई झंडा, बैनर लगाने की मनाही है। न ही कोई रैली निकाली जाएगी। पूरी खबर पढ़ें… मुर्शिदाबाद में हुए हिंसा और आगजनी की 4 तस्वीरें… वक्फ बिल पर मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड का विरोध ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड (AIMPLB) ने मार्च को वक्फ बिल के विरोध में दो पेज का लेटर जारी किया और 11 अप्रैल से पूरे देश में विरोध प्रदर्शन करने की घोषणा की थी। AIMPLB ने कहा कि हम सभी धार्मिक, समुदाय-आधारित और सामाजिक संगठनों के साथ मिलकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन करेंगे। यह अभियान तब तक जारी रहेगा जब तक संशोधन पूरी तरह से निरस्त नहीं हो जाते। ​​​​​​जम्मू-कश्मीर विधानसभा में वक्फ कानून की कॉपी फाड़ दी थी जम्मू-कश्मीर विधानसभा में 8 अप्रैल को दूसरे दिन भी नए वक्फ कानून पर हंगामा हुआ था। नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के विधायकों ने सदन में बिल पर चर्चा की मांग करते हुए नारेबाजी की। इस दौरान NC और भाजपा विधायकों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इससे पहले सोमवार को NC के विधायक ने सदन में वक्फ कानून की कॉपी फाड़ दी। एक NC विधायक ने अपनी जैकेट फाड़कर सदन में लहराई। इसके बाद स्पीकर ने सदन की कार्रवाई पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी। NC समेत अन्य दलों ने वक्फ कानून के खिलाफ रेजोल्यूशन लाने की बात कही थी। 5 अप्रैल को राष्ट्रपति ने कानून को मंजूरी दी, गजट नोटिफिकेशन जारी वक्फ संशोधन कानून 2 अप्रैल को लोकसभा और 3 अप्रैल को राज्यसभा में 12-12 घंटे की चर्चा के बाद पास हुआ था। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बिल को 5 अप्रैल की देर रात मंजूरी दी। सरकार ने नए कानून को लेकर गजट नोटिफिकेशन जारी किया था। बिल पर चर्चा के दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था- कानून का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों में हो रहे पक्षपात, दुरुपयोग और अतिक्रमण को रोकना है। बिल को राज्यसभा में 128 सदस्यों ने समर्थन दिया था, 95 ने विरोध किया। लोकसभा में यह बिल 2 अप्रैल की आधी रात पारित हुआ था। इस दौरान 288 सांसदों ने समर्थन में और 232 ने विरोध में वोट डाला था। —————————- वक्फ बिल से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… बंगाल में लागू नहीं होगा वक्फ कानून: ममता बोलीं- गोली मार दो पर धर्म के नाम पर बंटवारा मंजूर नहीं, बीजेपी ने कहा- फर्जी हिंदू पश्चिम बंगाल की CM ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि नया वक्फ कानून पश्चिम बंगाल में लागू नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब तक पश्चिम बंगाल में ममता दीदी है, मुस्लिम समुदाय की संपत्ति की रक्षा करेगी। पूरी खबर पढ़ें…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *