जिन गांजा तस्करों को दुर्ग पुलिस पकड़ नहीं पा रही है, वहीं गांजा तस्कर शहर में खुलेआम हथियार लेकर घूम रहे हैं और मुखबिरी करने वाले को धमका रहे हैं। ऐसा ही कुछ मामला दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में हुआ है। जहां फरार गांजा तस्करों ने वार्ड के भाजपा पार्षद को जान से मराने की धमकी दी है। बीती देर रात संतोष बारले और मुकेश मिश्रा तीन बाइक व स्कूटी में अपने दोस्तों के साथ पटरी पार वार्ड 22 पहुंचे थे। उन्होंने वहां के भाजपा नेता व पार्षद काशीराम कोसरे को गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। उनका पूरा कृत्य वहां लगे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गया। इस तरह खुलेआम पार्षद को जान से मारने की धमकी देता देख वहां बैठी महिलाएं और बच्चियां भी डर के मारे अपने घरों में घुस गईं। पार्षद काशीराम कोसरे का कहना है कि पुलिस जिन अपराधियों को पकड़ नहीं पा रही है वो लोग खुलेआम घूमकर जन प्रतिनिधियों को धमकी दे रहे हैं। इससे दुर्ग जिले की पुलिसिंग कितनी चुस्त है यह दिख रहा है। उन्होंने दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला, सीएसपी चिराग जैन और एएसपी सिटी से फोन कर मामले की सूचना दी और मदद की गुहार लगाई है। 4 महीने पहले नारकोटिक्स टीम ने मारी थी रेड आपको बता दें कि 4 महीने पहले 22 फरवरी को एएसपी अभिषेक झा ने नारकोटिक्स की टीम के साथ मिलकर मोहन नगर थाना अंतर्गत तीतुरडीह क्षेत्र में दुर्ग पुलिस ने गांजा तस्कर संतोष बारले और मुकेश मिश्रा के यहां छापेमार कार्रवाई की थी। पुलिस ने इनके ऊपर कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी की कमाई से खरीदी गई गाड़ियां, घर और जमीन तक को सीज करने की कार्रवाई की थी। पुलिस ने दोनों के घरों में छापेमारी करके 16.782 किलोग्राम गांजा मिला। इसकी बाजारी कीमत 1.20 लाख रुपए। 68200 रुपए नगद और 150 पौवा देशी शराब जब्त किया था। शराब की बाजारी कीमत 15 हजार 120 रुपए बताई जा रही है। इससे पहले की पुलिस संतोष बारले और मुकेश मिश्रा को गिरफ्तार करती वो लोग वहां से फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने उनके घर से सुमन बारेल (22) निवासी तितुरडीह नयापारा दुर्ग, शैलेंद्र पांडेय (24) निवासी सिंधिया नगर दुर्ग, रामबाई बारले, दीपाली बारेल (19) व दो नाबालिग को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसके बाद से पुलिस को दोनों मुख्य गांजा तस्करों की तलाश थी।


