बिलासपुर जिला पंचायत की स्थायी समितियों और सभापतियों का चुनाव 15 अप्रैल को होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी ने बताया कि 17 सदस्यीय जिला पंचायत में भाजपा के पास 9 सदस्यों का बहुमत है। इससे सभी 7 समितियों में भाजपा के सभापति का चुना जाना तय माना जा रहा है। चुनाव के लिए सदस्यों की बैठक 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे जिला पंचायत के सभा कक्ष में होगी। चुनाव प्रक्रिया के लिए अपर कलेक्टर शिव कुमार बनर्जी को पीठासीन अधिकारी बनाया गया है। तहसीलदार मुकेश देवांगन और नायब तहसीलदार राहुल शर्मा को सहायक पीठासीन अधिकारी नियुक्त किया गया है। जनपद पंचायत स्तर पर भी चुनाव होंगे। कोटा और बिल्हा में 16 अप्रैल को चुनाव होंगे। कोटा में एस.एस. दुबे पीठासीन अधिकारी होंगे। बिल्हा में बजरंग सिंह वर्मा पीठासीन अधिकारी की भूमिका निभाएंगे। तखतपुर में 22 अप्रैल को चुनाव होगा, जहां शिवकुमार कंवर पीठासीन अधिकारी होंगे। सभी जगह चुनाव सुबह 11 बजे से शुरू होंगे।


