जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में 13 अप्रैल को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का मैच होना है, लेकिन रिनोवेशन का काम पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में खेल विभाग के सचिव नीरज के पवन का कहना है कि अगर रिनोवेशन का काम समय पर पूरा नहीं हुआ तो शेन वॉर्न गैलरी में किसी भी दर्शक को बैठने नहीं दिया जाएगा। दरअसल, 6 अप्रैल को डेडलाइन पूरी होने के बावजूद राजस्थान रॉयल्स अब तक स्टेडियम का निर्माण कार्य पूरा नहीं करवा पाया है। मैच से महज 4 दिन पहले तक साउथ पवेलियन और खिलाड़ियों का ड्रेसिंग रूम पूरी तरह तैयार नहीं हो पाया है। इसको लेकर खेल विभाग एक्शन मोड में है। शेन वॉर्न गैलरी की सीटिंग कैपेसिटी 700 है। यह वीआईपी लाउंज है। फिलहाल इसकी टिकट रेट 20 हजार रुपए है। टिकट रेट मैच के अनुसार तय होगी। डिमांड ज्यादा रही तो टिकट महंगा मिलेगा। दर्शकों की एंट्री बंद हो सकती है
नीरज के पवन ने कहा- राजस्थान रॉयल्स की ओर से स्टेडियम में रिनोवेशन की जो डेडलाइन दी गई थी, वह अब निकल चुकी है। लेकिन, उम्मीद है कि 12 अप्रैल तक स्टेडियम का पूरा हिस्सा आईपीएल के मुकाबले के लिए तैयार हो जाएगा। अगर 12 तारीख तक स्टेडियम तैयार नहीं हुआ और निर्माण में किसी तरह की खामी पाई गई तो स्टेडियम के साउथ पवेलियन में शेन वॉर्न गैलरी का हिस्सा आम लोगों के लिए नहीं खोला जाएगा। नीरज के पवन ने कहा- अगर किसी व्यक्ति ने उस एरिया के टिकट को खरीद भी लिया है तो भी वह वहां बैठकर मैच नहीं देख सकेगा। हम आम लोगों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की अनदेखी नहीं करेंगे। हम भी पीडब्ल्यूडी से इस निर्माण कार्य की जांच करवाएंगे। उसके बाद ही कोई अंतिम फैसला किया जाएगा। साउथ पवेलियन में चल रहा रिनोवेशन
राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन की ओर से स्टेडियम के साउथ पवेलियन को तोड़कर फिर से बनाया जा रहा है। इस क्षेत्र में खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम को रिनोवेट कर और बड़ा बनाया जा रहा है। वहीं शेन वॉर्न गैलरी को ओपन कर सिटिंग कैपेसिटी को भी बढ़ाया जा रहा है। यह निर्माण कार्य 2 महीने से चल रहा है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में आईपीएल मैच के दौरान खिलाड़ियों का ड्रेसिंग रूम और स्टेडियम का वीवीआईपी स्टैंड कितना सुरक्षित होगा, इसको लेकर फिलहाल असमंजस की स्थिति है।


