जोधपुर में पंप पर खड़े ट्रक में लगी आग, VIDEO:स्टाफ कांच तोड़कर अंदर घुसा, पंप से दूर ले गया; 5 दमकलों ने पाया काबू

पेट्रोल पम्प पर खड़े ट्रक में आग लग गई। ड्राइवर पास के ढाबे पर खाना खाने गया हुआ था। ऐसे में, स्टाफ के एक युवक ने कांच पर मुक्का मारकर ट्रक में दाखिल हुआ और ट्रक को पंप से दूर ले गया। कर्मचारी ने बहादुरी दिखाते हुए बड़ा हादसा होने से बचा लिया। मामला जोधपुर के जोधपुर शहर के निकटवर्ती डांगियावास बाइपास पर स्थित रिलायंस समराथल जियो पेट्रोल पंप का है। घटना बुधवार शाम 4:30 बजे की है। फायर ऑफिसर हेमराज शर्मा ने बताया कि बुधवार शाम करीब साढ़े चार बजे डांगियावास इलाके में एक ट्रक में आग की सूचना मिली थी। इस पर बासनी फायर स्टेशन प्रभारी प्रशांतसिंह चौहान ने तत्काल एक दमकल को मौके पर रवाना किया। इसके कुछ देर बाद आग ज्यादा होने की सूचना मिलने पर दो और दमकल बासनी से, एक-एक दमकल शास्त्री नगर और नागौरी गेट से भी मौके पर भेजी गई। 5 दमकलों ने पाया आग पर काबू बाइपास पर फिटकासनी फांटा से करीब एक किमी आगे हुए इस घटनाक्रम के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हाईवे के एक तरफ वाहनों की आवाजाही बंद कराई। 5 दमकलों ने प्रारंभिक स्तर पर आग पर काबू पा लिया, लेकिन भीतर रखे सामान को निकालने और उनमें से रह-रहकर उठते धुएं की स्थिति को देखते हुए रात 9 बजे तक एक दमकल मौके पर ही तैनात रखी गई। यह ट्रक विकास रोड करियर की बताई जा रही है। हालांकि, इसमें आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पंपकर्मी ने बड़ा हादसा होने से बचाया समराथल फिलिंग स्टेशन के संचालक महीराम ने बताया कि स्टाफ ने उन्हें घटना के बारे में सूचना दी थी। पंपकर्मी बावरला निवासी बलदेव सिंह विश्नोई की सूझबूझ के चलते बड़ा हादसा होने से टल गया। पंप पर डीजल भरवाकर ड्राइवर ट्रक को वहीं खड़ा कर किसी ढाबे पर चला गया। इसके कुछ देर बाद ही ट्रक से धुआं उठता देख कर्मचारी ट्रक की तरफ दौड़े। कोई कुछ समझ पाता, तब तक आग की लपटों ने ट्रक के पिछले हिस्से को घेर लिया। तब यहां काम करने वाले बावरला निवासी बलदेव सिंह विश्नोई ने सूझबूझ के साथ हिम्मत दिखाई। शीशा तोड़कर अंदर दाखिल हुआ बलदेव महीराम ने बताया कि बलदेव ने ट्रक के केबिन के पास पहुंच भीतर झांका, तो चाबी लगी दिखी, लेकिन गेट लॉक था। चोट की परवाह किए बिना ही उसने मुक्का मारकर शीशा तोड़ा और गेट खोलकर ड्राइवर की सीट पर जा बैठा। ट्रक स्टार्ट किया और पहले रिवर्स लेने के बाद ट्रक को आगे दौड़ा दिया। पेट्रोल पंप से करीब एक किमी दूर ले जाकर सुनसान जगह देखकर छोड़ दिया। हालांकि, इस अफरा-तफरी के चक्कर में उसका मोबाइल इसी ट्रक के केबिन में रह गया, जो वापस नहीं मिला। CCTV देखे तो घटना की पुष्टि हुई महीराम ने बताया कि घटना के समय वे बाहर थे, लेकिन इस बारे में पता चला तो वे भी वहां पहुंचे। रात को उन्होंने पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे देखे, तो पूरा घटनाक्रम वैसा ही निकला, जैसा उनके स्टाफ ने बताया था। घटना से पहले करीब पौन घंटे तक ट्रक वहीं पर खड़ा था। महीराम ने बताया कि यदि बलदेव हिम्मत नहीं दिखाता, तो बहुत बड़ा हादसा हो जाता। जोधपुर से जयपुर जा रहा था ट्रक जानकारी के अनुसार, विकास रोड करियर ट्रांसपोर्ट कंपनी का यह ट्रक बुधवार शाम को जोधपुर से जयपुर की तरफ जा रहा था। इससे उसमें भरा अलग-अलग व्यापारियों का लाखों रुपए कीमत का सामान भरा था। इसे पूरी तरह बुझाने में दमकलों को खासी मशक्कत करनी पड़ी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *