पलामू जिले में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पाटन थाना क्षेत्र के हिसरा बारवाडीह पंचायत के मटपुरही टोला में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। मृतका की पहचान 40 वर्षीय सरिता देवी के रूप में हुई है। पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे 12 वर्षीय बेटे विकास कुमार के अनुसार, उसके पिता मनोज भुइंया शराब के आदी थे और कोई काम नहीं करते थे। परिवार का खर्च मां सरिता देवी मजदूरी करके चलाती थीं। पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। घटना बुधवार की रात की है। विकास ने बताया कि जब वह शाम को घर लौटा, तब उसके माता-पिता दोनों नशे में थे। रात 10 बजे तक वह घर के बाहर मोबाइल देखता रहा और कोई विवाद नहीं देखा। सुबह जब वह उठा तो उसकी मां का शव घर के बाहर बालू पर पड़ा मिला। पुलिस को देखते ही पति हुआ फरार पुलिस को सूचना मिलते ही पाटन थाना के एएसआई अर्मेंद्र कुमार, एएसआई धर्मेंद्र कुमार सिंह और विष्णु कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल मेदनीनगर भेज दिया है। पुलिस को देखते ही आरोपी पति मनोज भुइंया मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


