मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन, संभाग के 780 तीर्थयात्री हुए रवाना:सरगुजा संभाग के लिए योजना की पहली ट्रेन, महाकाल, ओंकारेश्वर का करेंगे दर्शन

मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत प्रदेश की दूसरी और सरगुजा संभाग की पहली ट्रेन को अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से समारोह पूर्वक रवाना किया गया। महिला एवं बाल विकासमंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने हरी झंडी दिखाकर स्पेशल ट्रेन को रवाना किया है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में संभाग के 780 तीर्थयात्री रवाना हुए हैं, जो उज्जैन में महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर की यात्रा करेंगे। रमन सरकार में शुरू की गई तीर्थ दर्शन योजना को प्रदेश में सत्ता बदलने के बाद भूपेश सरकार ने बंद कर दिया था। विष्णुदेव साय सरकार ने सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने के बाद इस योजना को फिर से शुरू की है। योजना की पहली ट्रेन रायपुर से रवाना हुई थी। सरगुजा से रवाना हुई दूसरी ट्रेन में जशपुर जिले को छोड़कर संभाग के शेष चार जिलों से 780 यात्री रवाना हुए हैं। मंत्री ने लगाया तिलक, दी शुभकामनाएं
अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पहुंचे तीर्थयात्रियों का स्टेशन पर स्वागत किया गया। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, महापौर मंजूषा भगत ने ट्रेन में सवार तीर्थयात्रियों को तिलक लगाकर उन्हें तीर्थयात्रा की शुभकामनाएं दीं। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि पूर्व में यह योजना भाजपा सरकार ने शुरू की थी। कांग्रेस की सरकार के कार्यकाल में योजना बंद कर दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने योजना को फिर से शुरू किया है। इसके जरिए वृद्धजन तीर्थ दर्शन कर सकेंगे। यह वृद्वजनों के लिए बड़ी सौगात है। लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि योजना के तहत अन्य स्थानों से भी वृद्धजन तीर्थ दर्शन के लिए जाएंगे। तीर्थयात्रियों में दिखी खुशी
ग्राम मदगुरी निवासी प्रेमशंकर सोनी ने कहा कि उन्होंने जीवन में नहीं सोचा था कि तीर्थ यात्रा में जा सकेंगे, लेकिन मुख्यमंत्री ने जो कार्य किया है, वह श्रवण कुमार के कार्य के समान है। कुसमी के मदन तिवारी ने कहा कि यह उनकी यात्रा है। सभी तरह की व्यवस्थाएं की गई है। रामलला दर्शन योजना के लिए भी फार्म भरा था, लेकिन उसमें नाम नहीं आया। सीतापुर के अनिल कुमार सोनी ने कहा कि हम खुश हैं कि हमें तीर्थ दर्शन योजना के तहत महाकाल और ओंकारेश्वर के दर्शन का मौका मिल रहा है। अंबिकापुर निवासी राजकुमार अग्रवाल ने कहा कि श्रवण कुमार की तरह मुख्यमंत्री हमें तीर्थ दर्शन पर लेकर जा रहे हैं। उनका आभार। चार जिलों के यात्री हुए रवाना
उज्जैन और ओंकारेश्वर के लिए रवाना हुई ट्रेन में सरगुजा जिले के 206, सूरजपुर जिले के 273, बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के 98, कोरिया जिले के 113, एमसीबी जिले के 90 श्रद्धालु शामिल हैं। इसमें जशपुर जिले के यात्री शामिल नहीं हैं। अंबिकापुर रेलवे स्टेशन से अंबिकापुर और बलरामपुर जिले के तीर्थयात्री रवाना हुए। सूरजपुर स्टेशन में सूरजपुर जिले के और बैकुंठपुर स्टेशन से कोरिया और एमसीबी के यात्री रवाना हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *