प्रदेश की राजधानी रायपुर में मौसम ने बुधवार शाम अचानक करवट ली। इस दौरान अंधड़ के बाद बौछारें पड़ीं। कुछ जगह हल्की बारिश हुई। रायपुर के अलावा राज्य के कई इलाकों में भी बुधवार को आंधी-अंधड़ आए। गुरुवार को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों खासतौर पर दक्षिण छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश के आसार हैं। बाकी इलाकों में तापमान बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन दिन के तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी। मौसम विज्ञानियों के अनुसार दक्षिण पूर्व मप्र से छत्तीसगढ़ होते हुए झारखंड तक एक द्रोणिका बनी हुई है। बांगाल की खाड़ी के मध्य और उससे सटे दक्षिण पश्चिम भाग निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे मौसम बदला हुआ है। अलबत्ता मौसम बदलने से रात के तापमान में हल्की गिरावट हुई और पारा 25 डिग्री के आस-पास पहुंच गया। गुरुवार को दिन में गर्मी बढ़ेगी। इस दौरान पारा 40 डिग्री के पार होने के आसार हैं।


