भास्कर न्यूज | जांजगीर बीएड व डीएलएड छात्रों के अटेंडेंस को लेकर सख्ती की तैयारी है। उपस्थिति के लिए कॉलेजों में फेस रीडर सहित बायोमैट्रिक्स सिस्टम लगाए जाएंगे। इस संबंध में राज्य शैक्षणिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) ने विश्वविद्यालयों को पत्र लिखा है। एससीईआरटी के पत्र में कहा है कि उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए कॉलेजों में फेस रीडर सहित बायोमैट्रिक्स सिस्टम लगाए जाएं। बीएड व एमएड में प्रवेशित छात्रों की उपस्थिति की सत्यापित प्रति प्रतिमाह कॉलेज विश्वविद्यालय को दें। इसी तरह उपस्थिति जांचने विवि कॉलेजों का औचक निरीक्षण करें। एससीईआरटी ने अपने पत्र में यह भी कहा है कि निजी शिक्षा महाविद्यालय बीएड एवं डीएलएड के छात्रों से उनकी उपस्थिति के एवज में अतिरिक्त राशि ले रहे हैं, यह मामला संज्ञान में आया है। बता दें कि जिले के बीएड कॉलेजों में एडमिशन व अटेंडेंस के एवज में छात्र-छात्राओं से अतिरिक्त शुल्क लेने की शिकायत सामने आ चुकी है। जिसमें अधिकारियों द्वारा जांच की जा रही है। शिक्षा सत्र 2024- 25 के अनुसर बीएड व डीएलएड में एडमिशन के लिए अंतिम राउंड की काउंसिलिंग चल रही है। अब तक तीन राउंड की काउंसिलिंग हो चुकी है। इसमें छह लिस्ट जारी की गई। इसी तरह चौथे राउंड में एक लिस्ट जारी हो चुकी है। जांच के आदेश मिले, फिर भी कार्रवाई ठंडे बस्ते में चली गई बीएड संघ द्वारा बलौदा व पामगढ़, नवागढ़, जांजगीर के कॉलेज के खिलाफ जांच के आदेश हुए हैं। लेकिन जांच की कार्रवाई ठंडे बस्ते में चली गई है। जिले में संचालित 4 कॉलेजों द्वारा बीएड के लिए तय शुल्क 35 हजार व डीएलएड के लिए तय शुल्क 20 हजार से अधिक लेने की शिकायत हुई है।


