छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स से बदसलूकी करने वाले पुलिस कांस्टेबल को एसपी एसआर भगत ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। मामला 8 अप्रैल का है, जब पुलिस लाइन में पदस्थ कांस्टेबल महेश्वर मटियारा जिला अस्पताल में इलाज करा रहे अपने दोस्त को देखने पहुंचा था। इस दौरान स्टाफ नर्स से गाली-गलौज और अभद्रता की गई। इस मामले पर नर्स दीपिका राजपूत की शिकायत पर बालोद पुलिस ने आरक्षक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। वहीं, तत्काल प्रभाव से कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। कांस्टेबल नशे के हालात में पहुंचा था अस्पताल
स्टाफ नर्स दीपिका राजपूत ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह सड़क हादसे में घायल मरीज पवन ठाकुर का इलाज कर रही थी। इसी दौरान आरक्षक महेश्वर मटियारा जो मरीज को देखने आया था। शराब के नशे में पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। जब उन्होंने उसे ऐसा करने से रोका तो उसने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए धमकी दी और गालियां देते हुए वार्ड से बाहर चला गया। आरक्षक पुलिस लाइन में था पदस्थ
शिकायत मिलते ही पुलिस अधीक्षक एसआर भगत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी आरक्षक महेश्वर मटियारा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। बताया जा रहा है कि मटियारा पुलिस लाइन बालोद में पदस्थ था। SDOP ने कहा, बर्दाश्त नहीं किया जाएगा दुर्व्यवहार
एसडीओपी देवांश सिंह राठौर ने बताया कि स्टाफ नर्स दीपिका राजपूत की शिकायत पर कोतवाली थाना बालोद में बीएनएस की धारा 223, 296, 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। एसडीओपी ने कहा कि पुलिस एक अनुशासित विभाग है और किसी भी पुलिसकर्मी द्वारा इस प्रकार का दुर्व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।


