भास्कर न्यूज | धमतरी कांग्रेस शासन काल में मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास न्याय योजना की शुरुआत जुलाई 2023 में हुई थी। इस दौरान हितग्राहियों को 2 किस्त की राशि जारी हो गई। दैनिक भास्कर ने 12 दिसंबर के अंक में कोई गहने बेच रहा, तो कोई जमीन बेचकर या कर्ज लेकर अधूरे मकान पूरे करवा रहा शीर्षक से खबर प्रकाशित की। खबर को शासन-प्रशासन ने गंभीरता से लिया। अब हितग्राहियों को राशि जारी हो रही है। जिले में 63 हितग्राहियों को तीसरी किस्त की राशि जारी की गई, जबकि 296 हितग्राहियों को दूसरी किस्त मिल चुकी है। बाकी हितग्राहियों को भुगतान किया जा रहा है। कुछ हितग्राहियों की राशि राज्य कार्यालय में ही लंबित है। मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास न्याय योजना के तहत जिले में 921 आवास बनाने का लक्ष्य मिला था। इनमें से 816 हितग्राहियों का पंजीयन हुआ है। पात्रता की सूची में 655 की स्वीकृति मिली। पहली किस्त 588 हितग्राहियों के खाते में राशि जारी की गई। इन्हें प्रथम किश्त में प्रत्येक को 25-25 हजार रुपए मिले। दूसरी किस्त में 296 हितग्राहियों को 40-40 हजार रुपए जारी किए गए। तीसरी किस्त में 63 हितग्राहियों को 40-40 हजार रुपए भी जारी कर दिए हैं। योजना के तहत हितग्राहियों को राशि का भुगतान नहीं होने के कारण कर्ज लेकर मकान बनवाने पड़े थे। राशि भुगतान की आस में एक साल बीत गया। इसके बाद भी हितग्राहियों के खाते में राशि नहीं आ रही थी, जिस कारण कर्ज लेकर व गहनों को बेचकर बारिश से बचने छत की ढलाई करनी पड़ी थी। अब राशि जारी होने से हितग्राहियों में भी खुशी है। धमतरी ब्लॉक में 16 हितग्राहियों को राशि जारी की गई है। कुरूद ब्लॉक में 22, मगरलोड में 17 और धमतरी ब्लॉक में 8 हितग्राहियों के खाते में तीसरी किस्त आ गई है। कुल 63 हितग्राहियों को राशि जारी हुई है। चौथी किस्त की राशि अब तक किसी को जारी नहीं हुई है। जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव ने बताया कि हितग्राहियों का जियो टैग किया जा रहा है। तीसरी किस्त की राशि भी जारी की गई है। कुछ हितग्राहियों के बचत खाते में राशि नहीं पहुंची, जो राज्य कार्यालय में लंबित है। 63 हितग्राहियों के खाते में तीसरी किस्त आ गई है। शेष को भी भुगतान हो जाएगा। धमतरी। पीएम आवास की समीक्षा सीईओ ने ऑनलाइन की। ब्लाक लक्ष्य पंजीयन स्वीकृत धमतरी 307 281 196 कुरूद 249 240 199 मगरलोड 92 84 72 नगरी 273 211 188 कुल 921 816 655


