क्रिकेट खेलने के बाद बनास नदी में नहाने उतरे 2 सगे भाई समेत 3 मासूम बच्चे डूब गए। देर शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजन उन्हें तलाश करते हुए नदी किनारे पहुंचे। यहां बच्चों के कपड़े और बैट पड़ा देख चौंक गए। गोताखोरों को बुलाकर तलाश की तो नदी के गड्ढे में तीनों के शव फंसे मिले। करीब 50 मिनट चले रेस्क्यू के बाद एक-एक कर तीनों बच्चों को बाहर निकाल लिया गया। मामला सिरोही जिले के आबूरोड का बुधवार रात 9:30 बजे का है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। नदी किनारे मिले कपड़े और बैट: थानाधिकारी हरचंद देवासी ने बताया कि बुधवार रात 9:30 बजे अमरापुरी में बनास नदी के पास कुछ बच्चों के कपड़े और क्रिकेट बैट पड़े मिले। संदेह होने पर परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू शुरू कराया। क्रिकेट खेलने निकले थे तीनों: थानाधिकारी ने बताया- मानपुर हवाई पट्टी के पास रहने वाले चंदू (14) पुत्र राजूराम, गलाराम (12) पुत्र भानाराम और कालू (10) पुत्र भानाराम शाम को क्रिकेट खेलने निकले थे। जब देर रात तक घर नहीं लौटे, तो परिजन उनकी तलाश में निकले। खेल के मैदान के पास न मिलने पर नदी की ओर बढ़े। जहां कपड़े और बैट देखकर अंदेशा हुआ कि बच्चे पानी में डूब गए हैं। 50 मिनट के रेस्क्यू में मिले तीनों शव:पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंची गोताखोरों की टीम ने तुरंत रेस्क्यू शुरू किया। करीब 10:30 बजे चंदू का शव बाहर निकाला गया। इसके बाद 10:40 पर कालू और 10:52 पर गलाराम को बाहर निकाला गया। तीनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। गांव में पसरा मातम: हादसे की सूचना मिलते ही माउंट आबू सीओ गोमाराम, पार्षद अमर सिंह और बड़ी संख्या में मानपुर गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। गोताखोरों की टीम में किशन, पप्पू राणा और चेतन शामिल रहे, जिन्होंने बच्चों के शव निकालने में अहम भूमिका निभाई। ये भी पढ़ें … आबूरोड में दो सगे भाई समेत तीन बच्चों की मौत:बनास नदी के गड्ढे में नहाने के लिए उतरे, क्रिकेट खेलने के लिए गए थे तीनों क्रिकेट खेलने गए बच्चे नहाने के नदी में बने गड्ढे में उतर गए। जहां डूबने से तीन की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले दो सगे भाई भी शामिल हैं। घटना सिरोही जिले आबूरोड शहर थाना क्षेत्र की है। थाना अधिकारी हरचंद देवासी ने बताया-बुधवार रात 9:30 बजे सूचना मिली कि अमरापुरी में स्थित बनास नदी के गड्ढे के बाद तीन बच्चों के कपड़े मिलें हैं। जिस पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। (पूरी खबर पढ़ें)


