राजगढ़ जिले में पिंडदान के 35 साल बाद एक महिला अपने परिवार से मिली। वह भूलने की बीमारी के कारण 40 की उम्र में लापता हो गई थी। परिजन ने उन्हें 10 साल तक तलाश किया। नहीं मिलने पर पांच साल पहले प्रयागराज में पिंडदान कर दिया था। हर साल श्राद्ध भी कर रहे थे। मामला जिले के ब्यावरा का है। 75 वर्षीय गीताबाई सेन 40 की उम्र में अपने मायके शाजापुर के खोकरा गांव से लापता हो गई थीं। दो साल पहले सामाजिक कार्यकर्ता बिंदा बिड़कर ने उन्हें एक पेड़ के नीचे बैठा देखा। उन्होंने महिला को 8 सितंबर 2023 को नागपुर के मेंटल अस्पताल में भर्ती कराया था। पति हुए भावुक, बेटे की आंखें नम हो गईं
धीरे-धीरे गीताबाई की याददाश्त लौटी। वे नर्सिंग स्टाफ से बातें करने लगीं। उन्होंने नरसिंहगढ़, शुजालपुर और ब्यावरा का जिक्र किया। अस्पताल स्टाफ ने गूगल पर ब्यावरा सर्च किया और पुलिस की मदद से परिजनों तक पहुंचे। 28 मार्च को परिजनों को गीताबाई के मिलने की सूचना मिली। पत्नी को देखकर पति गोपाल सेन भावुक हो गए। बेटे अशोक सेन की आंखें भी नम हो गईं। चार बेटे थे, दो की हो गई थी मौत
जब गीताबाईं लापता हो गईं थीं तब उनके चार बच्चे थे, जिनकी उम्र चार से 10 साल के बीच थी। दो की मौत हो गई। उनके 45 वर्षीय बेटे अशोक बताते हैं कि मां मानसिक रूप से कमजोर थीं। मायके से बिना बताए कहीं चली गईं थीं। हमने काफी ढूंढ़ने का प्रयास किया लेकिन कहीं भी पता नहीं चला। फोटो-वीडियो में देखा तो भरोसा नहीं हुआ
बेटे ने बताया कि अचानक पुलिस के माध्यम से नागपुर अस्पताल की सूचना मिली। जैसे ही हमने मां को वीडियो और फोटो में देखा तो हम भरोसा नहीं कर पाए। महिला का बड़ा बेटा मोहन सेन था जिनकी मौत ढाई साल हो चुकी है। अशोक और विनोद सेन दो बेटे हैं जो परिवार के साथ अस्पताल रोड स्थित घर पर रहते हैं। वहीं, एक अन्य बहन श्यामा थीं जिनका निधन पहले ही हो चुका है। कोर्ट के ऑर्डर पर अस्पताल में कराया था भर्ती
नागपुर मेंटल हॉस्पिटल के इंचार्ज कुंडा बिड़कर ने बताया कि 8 सितंबर 2023 को कोर्ट के ऑर्डर पर इन्हें भर्ती कराया गया। वे डिमेंशिया की मरीज थीं। मानसिक बीमारी से ग्रसित थीं। हमने खूब पता लगाने की कोशिश की, आधार नहीं था तो बॉयोमैट्रिक किया। लेकिन उसमें भी सफलता नहीं मिली। 19 माह की मेहनत के बाद मिले परिजन
19 माह तक इधर-उधर पूछा, महाराष्ट्र, एमपी के कई गांव, पुलिस स्टेशन, सरपंच, किराना दुकानों में पूछा लेकिन नहीं मिली। अभी इसी साल 28 मार्च को बात की तो उसने ब्यावरा और इंदौर बताया, शाजापुर का कुछ बताया। इसके बाद राजगढ़ एसपी ऑफिस में मैंने पता किया। शाजापुर और ब्यावरा थाने की जानकारी ली। वीडियो कॉल पर परिजन से काउंसलिंग की इसके बाद उन्हें नागपुर बुलाया। बेटे ने कहा- पूरा परिवार बहुत खुश
गीताबाई के पुत्र अशोक सेन ने बताया कि हमारी माताजी पिछले 35 साल से हमसे दूर थी। अब वे मिल गई है। हमने उन्हें पहचान लिया है। हमारा पूरा परिवार बहुत खुश है। अब वे हमारे साथ है। ईश्वर का बहुत बहुत धन्यवाद।


