एम्स के डॉक्टर ने बनाया अनोखा हैंड बैंड:भोजन में हानिकारक बैक्टीरिया की करेगा पहचान; मिला पेटेंट

एम्स भोपाल के आयुष विभाग के डॉक्टर दानिश जावेद ने एक अनोखा हैंड बैंड विकसित किया है, जो भोजन में मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया, वायरस और अन्य दूषित तत्वों की तुरंत पहचान करने में सक्षम है। स्मार्ट वॉच की तरह दिखने वाला यह हैंड बैंड डिप-स्ट्रिंग सेंसर और गैस सेंसर से सुसज्जित है। डिप-स्ट्रिंग सेंसर भोजन के संपर्क में आने पर हानिकारक बैक्टीरिया और वायरस को पहचानता है, जबकि गैस सेंसर भोजन की गंध का विश्लेषण कर उसके खराब होने की स्थिति का आकलन करता है। इस उपकरण में विजुअल और वाइब्रेशन अलर्ट सिस्टम भी शामिल हैं, जो उपयोगकर्ता को संभावित स्वास्थ्य खतरों की त्वरित सूचना देते हैं, जिससे समय रहते सुरक्षात्मक कदम उठाए जा सकते हैं। हैंड बैंड की वाटरप्रूफ और कॉम्पैक्ट डिजाइन इसे रोजमर्रा के उपयोग के लिए सुविधाजनक बनाती है। इसे आसानी से साफ किया जा सकता है और यह हर उम्र के लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है, खासकर उन लोगों के लिए जो भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता को लेकर सजग रहते हैं। इस नवाचार को भारत सरकार के पेटेंट कार्यालय ने पेटेंट प्रदान किया है, जो इसे तकनीकी रूप से मान्यता प्रदान करता है। एम्स भोपाल के डॉ. अजय सिंह ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा, “यह हैंड बैंड केवल एक तकनीकी खोज नहीं, बल्कि निवारक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। मैं डॉ. दानिश जावेद और पूरी आयुष टीम को इस सराहनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देता हूं।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *