भास्कर न्यूज | जालंधर श्रमण भगवान महावीर स्वामी जी के 2624वें जन्म कल्याणक दिवस के उपलक्ष्य में एसएस जैन सभा मंडी रोड में भगवान महावीर जयंती महोत्सव 10 अप्रैल को श्रद्धापूर्वक मनाया जा रहा है। इसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बुधवार को महोत्सव के उपलक्ष्य में जैन समाज के सदस्यों की ओर से जैन स्थानक मंडी रोड बारदाना बाजार से विशाल वीर स्तुति यात्रा निकाली गई। जैन स्थानक में विराजमान शासन प्रभावक संघ शासता पूज्य गुरुदेव सुदर्शन लाल महाराज के सुशिष्या रत्न सरलमना कवि रत्न गुरुदेव सुनील मुनि महाराज ने मंगल पाठ की पावन कृपा की। वरिष्ठ मार्गदर्शक नंद किशोर जैन के कर कमलों से यात्रा का शुभारंभ हुआ। महामंत्र नवकार का सामूहिक उच्चारण करवाया गया। तदोपरांत हाथी-घोड़े रथ पालकी बैंड बाजों और नगाड़े के नाद के अलावा बैंड की धुन पर मनमोहक नजारा देखने योग्य था। वीर यात्रा मंडी रोड से शुरू होकर सेंट्रल टाउन, फगवाड़ा गेट, भगत सिंह चौक से परिक्रमा करते हुए ओल्ड रेलवे रोड होकर जैन स्थानक में वीर स्तुति के सामूहिक उच्चारण के साथ संपन्न हुई। प्रभु महावीर के भजन और डोल की थाप पर भांगड़ा करता ग्रुप आकर्षण का केंद्र बना हुआ था। रास्ते में पानी, कोल्ड ड्रिंक, मिल्क बादाम का लंगर भक्तों द्वारा लगाया गया। सभी को प्रसाद भी वितरित किया गया।


