भास्कर न्यूज | जालंधर श्री सिद्ध शक्तिपीठ मां त्रिपुरमालिनी धाम देवी तालाब मंदिर में वीरवार को झंडे की रस्म के साथ वार्षिक मेला शुरू हो गया। इस मौके पर मंदिर प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने हवन व विधिवत पूजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रबंधक कमेटी के महासचिव राजेश विज ने की। पूरे मंदिर परिसर को मां वैष्णों देवी दरबार की तर्ज पर देशी एवं विदेशी फूलों से सजाया गया। मंदिर परिसर में श्री बालाजी महाराज के स्वरूपों ने मां के दरबार में माथा टेककर व मंदिर की परिक्रमा की। आज से विधिवत रूप में मेला शुरू हो जाएगा। इसके लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। भक्तों की सुविधा के लिए विशाल स्क्रीन लगाई जा रहीं हैं। इसके साथ ही मंदिर की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर सुंदर जाल एवं स्वागती गेट लगाए जा रहे हैं। इस मौके पर देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए मंदिर की धर्मशाला में विशेष इंतजाम किए गए हैं। मंदिर प्रबंधक कमेटी की ओर से शुक्रवार को मेले के अवसर पर सुबह से लेकर देर रात तक माता रानी का अटूट भंडारा भी चलेगा। उन्होंने बताया कि मेले में देश-विदेश से मां त्रिपुरमालिनी के भक्त लाल झंडे लेकर बैंड-बाजों, ढोल-ताशों के साथ टोलियों में नाचते-गाते महामाई के दरबार में नतमस्तक होंगे। फूलों के व्यापारी गिरधारी लाल ने बताया कि आठ-10 सालों से मंदिर को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जा रहा है। इस बार मां के दरबार को बंगाल से आए कारीगरों ने सजाया है। मंदिर परिसर को 10 से 12 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। इसमें गेंदा, गुलदाउदी, ऑर्किड फूल, एंथेरियम फूल, इंग्लिश गुलाब, रजनीगंधा, डेजी व अन्य फूलों से मंदिर को सजाया गया। श्री देवी तालाब मंदिर प्रबंधक कमेटी के सदस्य।


