भास्कर न्यूज | लुधियाना गुरु नानक स्टेडियम में चल रही ओपन पंजाब सीनियर और अंडर-20 (लड़के-लड़कियों) की एथलेटिक मीट के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय जूनियर फेडरेशन कप (अंडर-20) और राष्ट्रीय सीनियर फेडरेशन कप (पुरुष व महिला) के लिए क्वालीफिकेशन मार्क हासिल करने के उद्देश्य से शानदार प्रदर्शन किया। पुरुष की 5000 मीटर ओपन दौड़ में संगरूर के साहिल सागर ने पहला स्थान हासिल कर बाजी मारी, जबकि लुधियाना का जगदेव सिंह दूसरे और गुरदासपुर का मनजिंदर तीसरे स्थान पर रहा। अंडर-20 लड़कों की 5000 मीटर रेस में पटियाला के उपांशु पहले, संगरूर के एकमप्रीत सिंह दूसरे और सतबीर सिंह तीसरे स्थान पर रहे। 110 मीटर ओपन हर्डल में लुधियाना के प्रह्लाद विश्वाश ने पहला और तरनतारन के बलराजदीप ने दूसरा स्थान पाया। अंडर-20 में यही मुकाबला लुधियाना के बलजीत सिंह ने जीता, फाजिल्का के पुखराज सिंह दूसरे और फरीदकोट के अभयप्रताप सिंह तीसरे नंबर पर रहे। अंडर-20 लड़कों की 10 किमी वॉक रेस में पटियाला के हरमन सिंह पहले, जालंधर के इरशाद अली दूसरे और लुधियाना के मनजोत सिंह तीसरे स्थान पर रहे।मैन्स ओपन 800 मीटर दौड़ में तरनतारन के अमनजीत सिंह ने पहला स्थान पाया, जबकि लुधियाना के शुशांत सिंह दूसरे और होशियारपुर के अनमोल सिंह तीसरे स्थान पर रहे। वुमन की 5000 मीटर रेस में होशियारपुर की प्रियंका कुमारी पहले और मनप्रीत कौर दूसरे स्थान पर रही। अंडर-20 लड़कियों की 10 किलोमीटर वॉक रेस में जालंधर की कमलप्रीत कुमारी ने पहला, संगरूर की सिमरनजीत कौर ने दूसरा और होशियारपुर की बंदना ने तीसरा स्थान पाया। वुमन ओपन 800 मीटर दौड़ में लुधियाना की वीरपाल कौर पहले और संगरूर की रनप्रीत कौर दूसरे स्थान पर रही। मैन्स ओपन डिस्कस थ्रो में पटियाला के बलजिंदर सिंह ने पहला, बलविंदरजीत सिंह ने दूसरा और तरनतारन के बलराजदीप सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया। अंडर-20 डिस्कस थ्रो में फरीदकोट के अभयप्रताप सिंह ने पहला, फाजिल्का के पुखराज सिंह ने दूसरा और लुधियाना के बलजीत सिंह ने तीसरा स्थान पाया। मैन्स ओपन ट्रिपल जंप में कपूरथला के जसकिरन सिंह पहले, अमृतसर के गुरबीर सिंह दूसरे और रोपड़ के जसकिरन सिंह तीसरे स्थान पर रहे।