ट्रैफिक जाम की समस्या होगी खत्म:शहर को मिलेंगे 3 फ्लाईओवर, मुरार, बहोड़ापुर और एयरपोर्ट रोड पर बनेंगे

बढ़ते ट्रैफिक लोड से होने वाले ट्रैफिक जाम एवं दूसरी परेशानियों का समाधान करने के लिए शहर में फ्लाई ओवर ब्रिज बढ़ाए जाएंगे। मुरार से थाटीपुर, बहोड़ापुर से गोल पहाड़िया और एयरपोर्ट रोड से मेला रोड के लिए 3 नए फ्लाई ओवर बनाए जाने का प्रस्ताव शासन के पास स्वीकृति के लिए भेजा गया है। इनमें से एक में तिघरा के लिए भी एक अतिरिक्त रोड निकाला जाएगा। ये फ्लाई ओवर बनने पर इन क्षेत्रों के साथ-साथ इनके आसपास के क्षेत्रों में भी ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा। इन तीन फ्लाई ओवर की लंबाई 13 किलोमीटर से अधिक रहेगी। इन्हें बनाने में लागत अनुमानित तौर पर 850 करोड़ रुपए से अधिक आएगी। अब शासन से इस प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलने का इंतजार है। प्रस्तावित फ्लाईओवर की लंबाई लगभग 13 किलोमीटर तक रहेगी, इस पर लागत 850 करोड़ रुपए तक आएगी 1 कुम्हरपुरा से बारादरी चौराहा होते हुए एमएच चौराहा तक करीब 3.5 किलोमीटर लंबा फ्लाई ओवर लगभग 162 करोड़ रुपए की लागत से बनाया जाएगा। मुरार में वीआईपी सर्किट हाउस होने के कारण वीआईपी और वीवीआईपी विजिट के दौरान ट्रैफिक डायवर्ट आदि का लोड रहता है। जिससे लोगों को ट्रैफिक जाम या दूसरे रास्तों का सफर सहना पड़ता है। ये फ्लाई ओवर बनने के बाद ये समस्या खत्म हो जाएगी। वहीं बड़ागांव रूट से भिंड आदि क्षेत्र की एंबुलेंस भी जिला अस्पताल व शहर के अन्य अस्पतालों में मरीज लेकर आती हैं। फ्लाई ओवर बनने पर ये एंबुलेंस आसानी से हॉस्पिटल तक पहुंच सकेंगी।
2 बहोड़ापुर से गोल पहाड़िया मय तिघरा अतिरिक्त लेग के साथ फ्लाई ओवर बनेगा। करीब 4.5 किलोमीटर लंबे इस फ्लाई ओवर को बनाने में अनुमानित तौर पर 202 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। आगरा-इंदौर रूट के हैवी ट्रैफिक के अलावा ये रास्ता ट्रैफिक लोड के मामले में शहर के सबसे व्यस्त है। इस रूट पर किसानों द्वारा फसलें लाने का परिवहन लगातार किया जाता है। इसके चौड़ीकरण को लेकर कई बार कोशिशें की गई हैं, लेकिन जगह उपलब्ध न हो पाने के कारण ये काम नहीं हो पाया। ऐसे में फ्लाई ओवर से यहां की ट्रैफिक लोड-जाम आदि की समस्याओं को कम किया जा सकता है। 3 एयरपोर्ट रोड (दीनदयाल नगर) से गोले का मंदिर चौराहा होते हुए रेसकोर्स रोड (मेला ग्राउंड तिराहा) तक करीब 5 किलोमीटर लंबाई में ये फ्लाई ओवर बनाया जाएगा। इसके निर्माण में करीब 500 करोड रुपए का खर्च आएगा। गोले का मंदिर से एयरपोर्ट तक इस सड़क पर सबसे बड़ी कॉलोनी डीडी नगर के अलावा आईएचएम, एग्रीकल्चर कॉलेज, एनएनआईपी समेत कई स्कूल-कॉलेज संचालित हैं। इसी रूट पर वीवीआईपी विजिट का लोड रहता है। जिस कारणों इस रूट पर ट्रैफिक या तो रोकना पड़ता है या फिर डायवर्ट करना पड़ता है। फ्लाई ओवर बनने पर ऐसा नहीं करना पड़ेगा। लोगों की परेशानी देख की प्लानिंग, स्वीकृति का इंतजार
शहर में ट्रैफिक लोड को देखते हुए 3 फ्लाई ओवर की प्लानिंग की गई है। इसमें उन सड़कों को लिया गया है, जहां वीआईपी विजिट के दौरान या फिर आम दिनों में ट्रैफिक का लोड सबसे ज्यादा रहता है। इन तीनों फ्लाई ओवर का सर्वे कराने के बाद प्रस्ताव शासन के पास भेजा गया है। अब शासन की मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
– जोगिंदर यादव, कार्यपालन यंत्री/ सेतु संभाग लोक निर्माण विभाग

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *