जनकल्याण पर्व के तहत इंदौर को शुक्रवार को 1249 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात मिली। सबसे बड़ा काम नमामि गंगे योजना के तहत कान्ह-सरस्वती को साफ करने के लिए 511.12 करोड़ से एसटीपी निर्माण व सीवर लाइन बिछाना है। 442 करोड़ रुपए से बनने वाली मास्टर प्लान की 22 नई सड़कों और एमआर-10 से एमआर-12 लिंक रोड, 21 करोड़ से नई जल वितरण पाइप लाइन, 5.50 करोड़ से स्मार्ट सिटी एबीडी एरिया में नई सीवर लाइन व 100 टन क्षमता के ग्रीन वेस्ट प्लांट का भूमिपूजन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया।
जीएसीसी में समारोह में सीएम ने कहा, हम इंदौर को रोल मॉडल बनाकर चल रहे हैं। इंदौर को दिल्ली-मुंबई की टक्कर वाला शहर बनाएंगे। जल्द ही इंदौर में आईटी की इन्वेस्टर समिट भी होगी, ताकि प्रदेशभर के युवाओं के लिए बेहतर माहौल बन सके। स्वागत भाषण महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने दिया। मंच पर सांसद शंकर लालवानी, विधायक गोलू शुक्ला, रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, नरेंद्र सलूजा, निगम सभापति मुन्नालाल यादव, एमआईसी सदस्य राजेंद्र राठौर, नंदकिशोर पहाड़िया, मनीष शर्मा मामा और बबलू शर्मा आदि मौजूद थे। कांग्रेस ईवीएम पर ठीकरा न फोड़े
समारोह के दौरान सीएम ने कहा कि कांग्रेस ईवीएम पर ठीकरा फोड़ना बंद करे। उन्होंने कहा, सांसद शंकर लालवानी को लोगों ने दिल खोलकर वोट दिए। मालूम हो, 1249 करोड़ में से करीब 900 करोड़ केंद्र सरकार की योजनाओं से मिले हैं। मोदीजी की अंगद के पांव वाली सरकार
एक अन्य समारोह में सीएम ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा मोदीजी (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) की सरकार अंगद के पांव वाली सरकार है, किसी के बाप से हटने वाली, हिलने वाली नहीं है। राहुल बाबा तुम आ जाओ, तुम्हारी बहन, मम्मी भी जा आ जाए, तब भी सरकार पर कोई आंच नहीं आएगी। सुगम ट्रैफिक में इंदौर को नंबर 1 बनाएंगे
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, इंदौर ट्रैफिक के लोड से परेशान है। इंदौर को सुगम ट्रैफिक में नंबर 1 बनाएंगे। मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा, इंदौर जब भी कुछ करता है अद्भुत करता है। म्यूचुअल फंड में सवा लाख करोड़ निवेश
बीसीसी में ‘निवेश मंत्रणा 2024’ और इंडस्ट्री मीट में सीएम ने कहा, प्रदेश में म्यूचुअल फंड में सवा लाख करोड़ का निवेश है, जो यहां हुए विकास को दर्शाता है। कार्यक्रम में देशभर के 800 से ज्यादा म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स शामिल हुए। इस दौरान म्यूचुअल फंड एसोसिएशन सेंट्रल इंडिया के अध्यक्ष राजेश कूलवाल, अभिलाष जैन, अमित माहेश्वरी, प्रमोद सराफ आदि मौजूद थे।


