हनुमानगढ़ में शुक्रवार को नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में अचानक बदलाव आया। सुबह से चल रही हवाओं के कारण लोगों को गर्मी का कम एहसास हुआ। दोपहर में आसमान में बादल छाए और मेघगर्जन के साथ तेज हवाएं चलीं। हल्की बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दी। तेज हवाओं के कारण शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। हनुमानगढ़, संगरिया और पीलीबंगा क्षेत्र में गरजना के साथ हल्की बारिश और बूंदाबांदी हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया। पिछले एक सप्ताह से जिले में लगातार गर्मी का प्रकोप बना हुआ था। इससे विशेषकर दोपहिया वाहन सवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले 1-2 दिन तक कुछ क्षेत्रों में दोपहर बाद मेघगर्जन और आंधी-बारिश की संभावना है। विभाग ने चेतावनी दी है कि 14 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त हो जाएगा। इसके बाद एक बार फिर से हीट वेव की स्थिति बन सकती है।


