धमतरी जिले के गोकुलपुर स्थित सीबीएसई मिडिल स्कूल को चोरों ने निशाना बनाया है। चोर कीमती सामान के साथ-साथ सीढ़ी की रेलिंग तक उखाड़कर ले गए। हालांकि, स्कूल में लगे प्रोजेक्टर को चोर नहीं चुरा पाए। घटना उस समय हुई जब स्कूल में सुबह अंतिम पेपर होना था। मौके पर चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार और जूतों के निशान मिले हैं। स्कूल प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। हालांकि, शिकायत के बाद भी पुलिस अभी तक मौके पर नहीं पहुंची है। स्कूल प्रशासन ने चोरी की जांच और कार्रवाई की मांग की है। चोरों ने किया स्कूल परिसर को नुकसान जानकारी के अनुसार, स्कूल में पहली से चौथी और छठवीं से सातवीं कक्षाओं की परीक्षा चल रही है। शुक्रवार को अंतिम पेपर था। अंतिम परीक्षा के दिन सुबह जब स्कूल खुला, तब स्कूल पहुंचे स्टाफ ने देखा कि स्कूल में चोरी हो चुकी है। चोर स्कूल की सीढ़ी की ग्रिल को उखाड़कर ले गए और कक्षा के ताले और चैनल गेट को तोड़कर अंदर घुसे। उन्होंने प्रोजेक्टर के स्क्रीन को लपेटकर कमरे में रख दिया, लेकिन उसे ले जा नहीं सके। साथ ही, प्रोजेक्टर के साथ लगे स्पीकर को उखाड़कर चुरा ले गए। मौके से लोहे की दो रॉड बरामद हुई हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि घटना में स्थानीय बदमाश शामिल हो सकते हैं। स्कूल के स्टील चेयर पर जूते के निशान भी पाए गए हैं। अंतिम पेपर के दिन हुई चोरी प्रधान पाठक नविता तिवारी ने बताया कि स्कूल में पहली से चौथी और छठवीं से सातवीं कक्षा की परीक्षाएं चल रही हैं। अंतिम पेपर के दिन चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना पूर्व पार्षद महेश साहू को दी गई, जिन्होंने सिटी कोतवाली थाना की पुलिस को घटना की जानकारी दी। हालांकि, स्कूल प्रबंधन का कहना है कि शिकायत के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची है। इस मामले में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी ने कहा कि एफआईआर दर्ज होने के बाद ही उचित कार्रवाई की जाएगी।


