सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र में तीन दिनों से लापता ग्रामीण का शव जंगल में मिला है। शव से कुछ दूर उसकी बाइक भी मिली है। ग्रामीण का शव सड़ चुका है, जिससे उसकी मौत के कारणों का पता नहीं चल सका। मृतक अंबिकापुर जाने के लिए निकला था, और वापस नहीं लौटा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने ग्रामीण की हत्या का आरोप लगाया है। जानकारी के मुताबिक, उदयपुर के अल्कापूरी निवासी जीर्जाेधन उरांव (56 वर्ष) 8 अप्रैल को घर से सुबह 10 बजे अंबिकापुर कोर्ट में जमीन का नकल निकलवाने के जाना बताकर निकला था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी खोजबीन की। पता नहीं चलने पर उदयपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जंगल में सड़ी-गली हालत में मिला शव
शुक्रवार की दोपहर दो बजे करम कठरा जंगल में गए ग्रामीणों ने शव को देखा और सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव की शिनाख्त लापता जीर्जोधन उरांव के रूप में की गई है। उसका शव नेशनल हाइवे 130 से 200 मीटर अंदर एक गड्ढे में पड़ा हुआ मिला। शव सूखे पत्तों से ढंका था। शव सड़ने की स्थिति में आ गया था एवं ग्रामीणों को शव के होने की जानकारी दुर्गंध आने पर मिली। जीर्जोधन की बाइक भी शव से कुछ दूर जंगल में ही मिली है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
लापता जीर्जोधन का शव मिलने के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। उदयपुर थाना प्रभारी कुमारी चंद्राकर ने कहा कि शव सड़ने की स्थिति में आ गया है, इसलिए चोट या मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। इसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।


