ग्वालियर में एक ठग ने देवरानी-जेठानी को 9 लाख 22 हजार रुपए की चपत लगा दी। घटना मोहना थाना क्षेत्र की है। आरोपी ने दोनों को दो प्लाट बेचने के नाम पर ठगा। दोनों महिलाएं जब प्लाट का नामांतरण कराने पटवारी के पास पहुंची तब ठगी का खुलासा हुआ। दोनों को पता चला कि जिससे प्लाट खरीदे हैं, उसके नाम से कोई जमीन ही नहीं है। दोनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर ठग की तलाश शुरू कर दी है। पूरा पेमेंट कर रजिस्ट्री करा ली ग्वालियर के मोहना थाना निवासी माया धाकड पत्नी मंगल सिंह धाकड और मिथिलेश धाकड पत्नी उदय सिंह धाकड आपस में जेठानी-देवरानी हैं। कुछ समय पूर्व उन्होंने दो प्लाट का सौदा 9 लाख 22 हजार में मातादीन धाकड से किया था। बातचीत तय होने के बाद उन्होंने पूरा पेमेंट कर रजिस्ट्री करा ली थी। इसके बाद जब वह नामांतरण कराने के लिए पटवारी के पास पहुंची तो पता चला कि मातादीन धाकड की तो वहां पर कोई जमीन ही नहीं है। बेच दी थी जमीन, जो बची वह नाबालिग बच्चों के नाम जानकारी निकालने पर पता चला कि मातादीन ने अपनी जमीन पहले ही बेच दी थी। बची हुई जमीन उसने अपने नाबालिग बच्चों के नाम कर रखी है। दोनों ने जब मातादीन से रुपए वापस मांगे तो वह आनाकानी करने लगा। बाद में रुपए वापस लौटाने से इनकार कर दिया। दोनों ने मातादीन की शिकायत पहले थाना मोहना और बाद में एसपी से भी की। सुनवाई नहीं हुई तो मामले का परिवाद पेश किया। जिसके बाद न्यायालय ने पुलिस को मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।


