पेट्रोल डालकर परिवार को जिंदा जलाने की कोशिश:टीकमगढ़ में छेड़छाड़ से रोकने पर घर में लगाई आग; महिला समेत 3 झुलसे

टीकमगढ़ में एक परिवार को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की गई। महिला ने आरोपी को छेड़छाड़ करने से रोका तो उसने घर में आग लगा दी। इसमें महिला, उसका बेटा और जीजा झुलस गए। वहीं पीड़िता की मां और बड़ी बहन की बेटी बाल-बाल बच गईं। घटना शुक्रवार रात 12 बजे बल्देवगढ़ थाना क्षेत्र की है। तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। 8 दिन पहले थाने में की थी शिकायत
पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपी राजेश रैकवार लगातार उसे परेशान कर रहा था। उसने 8 दिन पहले बल्देवगढ़ थाने में शिकायत की थी। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपी की वजह से पीड़िता को अपनी मां का घर भी छोड़ना पड़ा। वह बुड़ेरा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। पिछले 4 साल से बल्देवगढ़ में किराए के मकान में रह रही थी। खिड़की से पेट्रोल डालकर लगाई आग
शुक्रवार रात करीब 12 बजे आरोपी राजेश महिला के घर पहुंचा। उसने महिला से दरवाजा खोलने के लिए कहा, जब उसने मना किया, तो आरोपी ने खिड़की से अंदर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। महिला ने बताया कि आरोपी पहले भी कई बार छेड़खानी कर चुका है। पुलिस ने समय पर कार्रवाई की होती तो यह घटना नहीं होती। एसआई बोले-पहले शिकायत नहीं मिली
बल्देवगढ़ थाने में पदस्थ सब इंस्पेक्टर सुहाग चंद्र ने बताया कि महिला बुड़ेरा थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने बल्देवगढ़ थाने में इसके पहले आरोपी के खिलाफ कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई। महिला की आरोपी से पूर्व से जान पहचान है। एसपी ने दिए घटना की जांच के आदेश
बल्देवगढ़ थाना प्रभारी मनोज सोनी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। एसपी मनोहर मंडलोई ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। एसपी मंडलोई ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों से मुलाकात भी की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *