सीहोर के पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। इस कार्यशाला में शहर के शासकीय-अशासकीय स्कूलों के 2500 से अधिक छात्र-छात्राएं तथा शिक्षक शामिल हुए। कार्यशाला में साइबर एक्सपर्ट द्वारा बच्चों को साइबर क्राइम के विभिन्न प्रकार तथा उसके बचाव के बारे में जानकारी दी गई। कार्यशाला में एसपी दीपक कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में साइबर अपराध बढ़ रहे है। इन अपराधों से बचने के लिए प्रत्येक व्यक्ति का जागरूक होना बहुत ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी हमें कई प्रकार से अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। अपराधी अपनी पहचान छिपाकर जानकारी प्राप्त करते हैं
साइबर अपराधी किसानों को बीमा, विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप एवं अन्य व्यक्तियों को उनके लाभ का लालच दिखाकर उनकी व्यक्तिगत जानकारी प्राप्त कर लेते हैं और साइबर अपराधों को अंजाम देते हैं। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी अपनी पहचान छिपाकर आपकी कोई ऐसी निजी जानकारी प्राप्त कर लेते हैं, जिससे वह आपको ब्लैकमेल कर सकें। ऐसी ही घटनाएं आगे चलकर किसी बड़े अपराध को जन्म देती हैं। उन्होंने कहा कि हमें अपने मोबाइल पर आने वाली किसी भी अंजान लिंक पर क्लिक नही करना चाहिए। इसके साथ ही यदि किसी अंजान नंबर से विडियो कॉल, लिंक या कोई फाइल आती है तो उसे अटेंड नहीं करना चाहिए। इससे आपकी निजी एवं बैंक खाते की जानकारी किसी साइबर अपराधी के हाथ लग सकती है। प्रशासनिक पद का अधिकारी बताते हैं ठग
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी अंजान नंबर के कॉल करके स्वयं को किसी बैंक या किसी प्रशासनिक पद का अधिकारी बताते हैं और आपकी निजी एवं गोपनीय दस्तावेजों की जानकारी या मोबाइल ओटीपी मांगते है। यदि आपके पास इस प्रकार का कोई कॉल आता है तो निश्चित ही वह कोई साइबर अपराधी है। हमें अपनी किसी भी प्रकार की गोपनीय जानकारी नही देना चाहिए। एसपी शुक्ला ने कहा कि साइबर अपराधों से बचने के लिए अपनी सोशल मीडिया अकाउंट में सभी प्राइवेसी सिक्योरिटी सेटिंग्स चालू रखें ताकि आपकी व्यक्तिगत जानकारी किसी अंजान व्यक्ति को आसानी से न मिल सके।


