भू-राजस्व मंत्री दीपक बिरुआ ने अपर समाहर्ताओं को क्षेत्र भ्रमण और आम लोगों की समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि आम जनता परेशान न हो, उनका जमीन संबंधी विवाद समय पर दूर हो, इसका विशेष ख्याल रखें। साथ ही, राजस्व वृद्धि पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। वे शुक्रवार को प्रोजेक्ट भवन सभागार में सभी जिलों के अपर समाहर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे। बैठक में म्युटेशन सहित अन्य विषयों पर प्रजेंटेशन भी दिया गया। राजस्व उगाही की स्थिति चिंताजनक : प्रजेंटेशन के जरिए प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार राजस्व उगाही की स्थिति अत्यंत चिंताजनक दिख रही है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने राजस्व उगाही का लक्ष्य 1700 करोड़ रुपए तय किया है। इसके विरुद्ध अब तक मात्र 284.98 करोड़ रुपए की ही राजस्व प्राप्त हुई है। जबकि, वित्तीय वर्ष 2023-24 में 1500 करोड़ के लक्ष्य के विरुद्ध 1665.69 करोड़ की राजस्व प्राप्त हुई थी। जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों की स्थिति: बैठक में आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में राजस्व अभिलेखों में संशोधन, परिमार्जन संबंधी प्राप्त आवेदनों का रखा गया। इसमें पूर्वी सिंहभूम, धनबाद, सिमडेगा, गढ़वा और पश्चिमी सिंहभूम आवेदनों को निष्पादित करनेवाले पांच फिसड्डी जिले हैं। आपकी योजना आपकी सरकार कार्यक्रम के दौरान भू-अभिलेखों से जुड़े 13485 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 8473 आवेदनों को निष्पादित कर दिया गया जबकि 301 रिजेक्ट किए गए।


