कुचामन में शनिवार की शाम मौसम का मिजाज बदल गया। शाम 7 बजे तूफानी हवाओं का दौर शुरू हुआ। तेज धूलभरी हवाओं के चलते विद्युत विभाग को पूरे शहर की बिजली सप्लाई बंद करनी पड़ी। आसमान में आकाशीय बिजली की कड़कड़ाहट के बीच धूल के गुबार ने पूरे शहर को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई। बारिश का यह दौर करीब 45 मिनट तक रुक-रुककर चलता रहा। मौसम में इस अचानक बदलाव से तापमान में 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने पहले ही अलर्ट जारी कर दिया था। इससे एक दिन पहले शुक्रवार को भी दोपहर बाद धूलभरी हवाओं और बारिश का दौर देखने को मिला था।


