रात 3 बजे खुले चिरहुलानाथ मंदिर के पट:रंग-बिरंगे गुब्बरे और फूलों से सजा परिसर; हनुमान जयंती पर 1 लाख लोगों ने किए दर्शन

रीवा में आज चारों तरफ हनुमान जयंती की धूम है। रीवा के प्रसिद्ध चिरहुलानाथ हनुमान मंदिर के पट आज भक्तों के दर्शन के लिए सुबह साढ़े तीन बजे ही खोल दिए गए। हजारों की संख्या में भक्त भगवान चिरहुलानाथ हनुमान के दर्शनों के लिए पहुंचे। मंदिर में शनिवार सुबह से ही अनुष्ठानों के क्रम शुरू हो गए। चिरहुलानाथ हनुमान मंदिर को रंग-बिरंगे गुब्बारे और फूलों से सजाया गया है। मंदिर प्रबंधन ने हनुमान जयंती पर मंदिर में लगभग 50 हजार से 1 लाख लोगों के पहुंचने की संभावना जताई थी। आंकड़े के मुताबिक शनिवार देर रात तक तकरीबन 1 लाख लोगों ने दर्शन किए। मंदिर के मुख्य पुजारी ने बताया कि आज चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि है। आज पूरे देश में हनुमान जन्मोत्सव धूम-धाम से मनाया जा रहा है। हनुमान जी कलयुग के देवता हैं और जल्द प्रसन्न होने वाले भगवान हैं। हनुमान जी को अष्ट सिद्धि और नौ निधि के दाता के रूप में जाना जाता है। ये चिरहुला मंदिर लोगों की आस्था का केंद्र है जो जिला कोर्ट के नाम से भी जाना जाता है। यही वजह है कि यहां 12 महीने विंध्य के कोने-कोने से आने वाले भक्तों की भीड़ बनी रहती है। उन्होंने बताया कि हनुमान जयंती का पर्व होने की वजह से शाम 4 बजे तक हजारों भक्त दर्शन कर जा चुके थे। वहीं दोपहर 12 बजे से भंडारे का क्रम शुरू हो गया जो देर रात तक जारी रहा। इसके साथ ही अखंड रामचरित मानस का पाठ भी चलता रहा। सुबह, दोपहर में भगवान रामलला और चिरहुलानाथ हनुमान की विशेष आरती की गई। शाम साढ़े 7 बजे भी विशेष आरती की गई। वहीं देर रात तक पूजा पाठ का क्रम और धार्मिक अनुष्ठान चलते रहें। श्रद्धालुओं में आस्था,विश्वास और समर्पण देखने को मिला।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *