बोकारो | जिला शिक्षा पदाधिकारी पश्चिमी सिंहभूम के विरोध में शिक्षकों ने शनिवार को न्याय यात्रा निकाला। झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ प्रदेश इकाई के आह्वान पर बोकारो जिला के माध्यमिक शिक्षकों ने काला बिल्ला लगाकर मूल्यांकन कार्य किया। सरकारी माध्यमिक शिक्षक अजय कुमार महतो के समर्थन में न्याय यात्रा निकालकर बोकारो हवाई अड्डा से होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचा। इस दौरान पश्चिमी सिंहभूम के डीईओ के विरोध में नारेबाजी की। उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें निर्दोष शिक्षक का निलंबन वापस लेने तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी पश्चिमी सिंहभूम के तानाशाही रवैया का उचित जांच कर कार्रवाई की मांग की गई। अन्यथा शिक्षक चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।


