जयपुर में बजरंग सेना ने गाय को राज्य माता का दर्जा दिलाने के लिए एक विशाल भगवा रैली का आयोजन किया। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर शनिवार को आयोजित इस रैली की अगुआई बजरंग सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेन्द्र भय्यु यादव ने की। रैली गोविंद देवजी मंदिर से शुरू हुई। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुई। यह पदयात्रा गवर्नमेंट हॉस्टल शहीद स्मारक तक पहुंची। इस आयोजन में बजरंग सेना के संस्थापक पंडित अशोक शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव विजय शर्मा और संगठन मंत्री राजेंद्र मीणा समेत कई गणमान्य लोग शामिल हुए। भारतीय गौ क्रांति मंच के प्रदेश अध्यक्ष ताराचंद कोठारी और विभिन्न प्रांतों से आए साधु-संत भी मौजूद रहे। रैली के समापन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। बजरंग सेना ने गाय को राज्य माता का दर्जा देने की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांग पूरी नहीं की गई तो वे प्रदेश भर में उग्र आंदोलन करेंगे। संगठन पिछले कई वर्षों से इस मुद्दे पर संघर्षरत है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला मोर्चा की सदस्याएं और बजरंग सेना के कार्यकर्ता शामिल हुए। दिल्ली, मध्य प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भी रैली में हिस्सा लिया।


