मणिपुर में चल रहे 68वें स्कूल नेशनल गेम्स में जयपुर का एक युवा खिलाड़ी चमका है। अल्फा बाल एकेडमी के छात्र वत्सल मेहता ने अंडर-17 आयु वर्ग की वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीता है। एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) की ओर से आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वत्सल ने 81 किलो भार वर्ग में अपना दमखम दिखाया। उन्होंने स्नैच में 115 किलो और क्लीन एंड जर्क में 148 किलो वजन उठाया। कुल मिलाकर उन्होंने 263 किलो का भार उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह वत्सल का नेशनल स्तर पर पहला मेडल है। उनकी इस सफलता के पीछे उनके पिता और कोच सौरभ मेहता का बड़ा योगदान है। सौरभ खुद वेटलिफ्टिंग के सीनियर मेडलिस्ट रहे हैं और वत्सल को नियमित रूप से प्रशिक्षण दे रहे हैं।


