दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन:अवकाश आने से कर्मचारियों ने शिविर में आने से किया मना… प्रचार-प्रसार के अभाव में लाभार्थी भी नहीं पहुंचे

केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ देने के लिए ग्रेटर निगम मुख्यालय में दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (डे-एनयूएलएम) की ओर से स्व निधि से समृद्धि कार्यक्रम के तहत छह दिन तक लगने वाला शिविर दो दिन में खत्म कर दिया गया। केंद्र सरकार की आठ योजनाओं पीएम सुरक्षा बीमा योजना, जीवन ज्योति बीमा योजना, जन-धन योजना, जननी सुरक्षा योजना, श्रम योगी मान धन योजना, बीओसीडब्ल्यू पंजीकरण, वन नेशन वन राशन कार्ड योजना और मातृ वंदन योजना के लाभार्थियों के लिए यह शिविर छह दिन के लिए लगाया जाना था। छह दिन के इस शिविर में लाभार्थियों की सामाजिक और आर्थिक प्रोफाइलिंग की केंद्र सरकार की इन योजनाओं से जोड़ने और पीएन स्व निधि योजना में लाभार्थियों को बैंक के माध्यम से क्यूआर कोड जारी करने और इसके उपयोग व लेन-देन का प्रशिक्षण भी दिया जाना था। केंद्र सरकार की ओर से शिविर का 7 से 12 अप्रैल तक का टाइम टेबल भेजा गया था। निगम मुख्यालय में लगे इस शिविर को छह की बजाए दो दिन में समाप्त कर दिया गया। शिविर का पूरी तरीके से लाभार्थियों तक प्रचार-प्रसार और सूचना नहीं पहुंचाए जाने से पहले दिन एक भी लाभार्थी शिविर में नहीं पहुंचा था और आजीविका मिशन ने दूसरे दिन के बाद शिविर लगाया ही नहीं। आजीविका मिशन के जिम्मेदार अधिकारी का कहना है कि दो दिन बाद सार्वजनिक अवकाश आने से अन्य विभागों के कर्मचारियों ने शिविर की ड्यूटी में आने से मना कर दिया था। इस वजह से शिविर आगे नहीं बढ़ाया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *