पुलिस की गिरफ्तारी के डर से नकबजन ने अपना जेंडर परिवर्तन कर किन्नर बनने का प्रयास किया। इस पर जब पुलिस को उसकी जानकारी मिली तो उसे गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई मालवीय नगर थाना पुलिस ने 17 साल से फरार चल रहे नकबजन के खिलाफ की है। इतना ही नहीं नकबजन ने अपना नाम बदलकर किन्नरों जैसी वेशभूषा में रहने लगा था। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। डीसीपी (ईस्ट) तेजस्वनी गौतम ने बताया कि फरार चोर चेतन सिंघवाल (37) पुत्र सूरज सिंघवाल निवासी प्रेम नगर आगरा रोड कानोता को अरेस्ट किया गया है। चोरी के मामले में उसे 13 फरवरी 2008 को गिरफ्तार किया गया था, जहां से मालवीय नगर थाना पुलिस ने कोर्ट में पेश कर उसे जेसी भेज दिया। कुछ समय बाद जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद फरार हो गया। उस समय से ही चेतन फरार चल रहा है। पुलिस से बचने के लिए वह बार-बार अपने छिपने के ठिकाने बदलता रहता था। उसने अपना नाम चेतन से बदलकर चेतना रख लिया था। पुलिस से बचने के लिए वह किन्नर बनने जा रहा था। थानाधिकारी संग्राम सिंह ने बताया कि जब भी पुलिस की टीम चेतन को पकड़ने के लिए जाती तो घर से किन्नर ही मिलने के लिए आता था। जब आस-पास के लोगों से पूछताछ करते हुए जांच की तो चेतना के चेतन होने की जानकारी मिली थी। अब तक की पूछताछ में सामने आया कि चेतन अपने जेंडर को बदलने की तैयारी कर रहा था। उससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।


