रायपुर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने आज पंडित रविशंकर शुक्ल वार्ड क्रमांक 34 का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड पार्षद आकाश तिवारी उनके साथ मौजूद रहे। आयुक्त ने वार्ड में चल रही और प्रस्तावित नई योजनाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पार्षद आकाश तिवारी ने ऐतिहासिक राजातालाब में फैली जलकुंभी और गंदगी की सफाई की मांग की, जिसे आयुक्त ने गंभीरता से लिया। आयुक्त ने तालाब की तली तक सफाई करवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अरमान नाला की सफाई, बाउंड्रीवॉल निर्माण और तली की सफाई, इंद्रावती कॉलोनी के नाले की सफाई और नवनिर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। पार्षद के सुझावों पर आयुक्त ने तत्काल जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव को सभी कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। खास बात यह रही कि आयुक्त विश्वदीप स्वयं एक्टिवा में बैठकर पार्षद आकाश तिवारी के साथ राजातालाब, अरमान नाला और इंद्रावती गार्डन पहुंचे। उन्होंने नई बस्ती इलाके का भी निरीक्षण किया, जहां पिछले 30 वर्षों से जलभराव की समस्या बनी हुई है। इस मौके पर जोन कमिश्नर अरुण ध्रुव, ईई शेखर, ZHO चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।


