डॉ. अंबेडकर सम्मान अभियान शुरू:भाजपा नेताओं का दावा- कांग्रेस ने किया उपेक्षित, हमने दिया सम्मान

डूंगरपुर में भाजपा संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्मान अभियान चलाएगी। भाजपा नेताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने उन्हें हर जगह धोखा दिया, जबकि भाजपा ने बाबा साहब अम्बेडकर का सम्मान करने का काम किया है। अभियान के प्रभारी और भाजपा नेता बंशीलाल कटारा ने कहा कि भाजपा की ओर से बाबा साहब भीमराव अंबेडकर का सम्मान अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत अंबेडकर जयंती के मौके पर माल्यार्पण, दीपदान और गोष्ठियों सहित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने भीमराव अंबेडकर को लेकर कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में बाबा साहेब ने काफी तकलीफें झेली और कांग्रेस ने उन्हें खूब परेशान किया। कांग्रेस ने उनकी हर जगह खिलाफत और उपेक्षा करने का काम किया। बॉम्बे प्रेसिडेंसी विधानसभा चुनाव, संविधान सभा का चुनाव, लोकसभा का चुनाव और 1954 में भंडारा उपचुनाव में उन्हें हराने का काम किया। इतना ही नहीं नेहरू मंत्री मंडल में मंत्री के रूप में डॉ. अंबेडकर को जानबूझकर दरकिनार करने का काम किया। इतना ही नहीं संविधान को लेकर बड़ी-बड़ी बातें और सिद्धांतों की बात करने वाली कांग्रेस पार्टी ने बाबा साहेब के मरणोपरांत भी उनकी उपेक्षा की। कांग्रेस ने उनकी स्मृति में किसी भी प्रकार का स्मारक बनने से रोका। साथ ही भारत रत्न देने से भी इनकार कर दिया, जबकि भारतीय जनता पार्टी ने बाबा साहेब का हर जगह सम्मान देने का काम किया। 1990 में भाजपा समर्थित सरकार ने उन्हें भारत रत्न के सम्मान से नवाजा। मोदी सरकार ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के जीवन से जुड़े पांच महत्वपूर्ण स्थलों को पंचतीर्थ में विकसित करने का काम किया। कांग्रेस ने संविधान में संशोधन अपने लाभ और लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए किए, जबकि भाजपा ने सामाजिक न्याय और लोकतंत्र को सशक्त बनाने का काम किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *