सीकर जिले में आज सुबह सीजन का सबसे घना कोहरा छाया रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में आज सुबह विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। वहीं शीतलहर ने भी आज सुबह ठिठुरन बढ़ा दी। फिलहाल आगामी दिनों में भी कोहरा छाए रहने के आसार हैं। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज सुबह न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री दर्ज किया गया। इससे पहले शुक्रवार को यहां पर न्यूनतम तापमान 4.0 और अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं गुरुवार को न्यूनतम तापमान 1.3 और अधिकतम तापमान 23.02 डिग्री दर्ज किया गया था। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक फिलहाल आज सीकर जिले में शीतलहर का येलो अलर्ट है। कल से इस शीतलहर से राहत मिलेगी। वहीं दिसंबर के आखिरी दिनों में अब प्रदेश के मौसम में बदलाव आने वाला है। एक के बाद एक दो वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने के चलते प्रदेश में बादल छाए रहने के साथ बारिश की गतिविधियां होगी। ऐसे में तापमान में उतार-चढ़ाव भी होता रहेगा। इस दौरान शेखावाटी सहित कई इलाकों में कोहरा भी छाए रह सकता है। आपको बता दे कि इस पूरे सीजन में सीकर में अब तक केवल 7 दिन पारा जमाव बिंदु के नीचे रहा है। वहीं पिछले 3 से 4 दिनों से ही जिले में कोहरा छा रहा है। इससे पहले नवंबर महीने में 2 दिन 19 और 20 नवंबर को घना कोहरा छाया था। सीकर में 7 दिनों में माइनस में रहा पारा


