हावड़ा-नई दिल्ली मुख्य रेल खंड पर एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। रूपनारायणपुर रेलवे पुल के पास चित्तरंजन की ओर जाने वाली अप लाइन पर पोल संख्या 231/17 के निकट शव पड़ा मिला। पीडब्लूआई कर्मी सोना हांसदा ने सबसे पहले शव को देखा और तुरंत अधिकारियों को सूचित किया। सीतारामपुर जीआरपी ने मृतक की पहचान रूपनारायणपुर के श्रीगुरु पल्ली निवासी चंदन मंडल के रूप में की। ड्राइवर का करता था काम चंदन पहले ड्राइवर का काम करते थे। बाद में उन्होंने यह नौकरी छोड़ दी और दैनिक मजदूरी करने लगे। घटना के समय वह घर पर अकेले थे। उनकी पत्नी तीन बेटियों के साथ झारखंड के गोड्डा में अपने पिता के घर गई हुई हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।


