रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के साहेर गांव में अपराधियों ने रविवार की सुबह खेत में काम कर रहे युवक से पहले नाम-पता पूछा और फिर कट्टा निकालकर उसके पेट में गोली मार दी। युवक को गंभीर हालत में रिम्स में भर्ती कराया गया है। घायल राजकुमार महतो उर्फ बाबू साहेर गांव का ही रहनेवाला है। घटना की सूचना पाकर नगड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। जांच में पता चला कि दो बाइक से 4 अपराधी साहेर गांव आए थे। इनमें दो अपराधी बाइक से उतरकर राजकुमार के पास पहुंचे और बसीला गांव जाने का रास्ता पूछा। बातचीत के क्रम में अपराधियों ने पूछा कि तुम्हीं राजकुमार बाबू हो। हां, बोलते ही एक अपराधी ने कट्टे उसे गोली मार दी। गोली लगते राजकुमार भागने लगा। दोनों अपराधियों ने दौड़ाकर उस पर दूसरी गोली चलाई, लेकिन गोली िमस फायर हो गई। गोली की आवाज सुनकर आसपास के खेत में काम कर रहे लोग वहां पहुंचे। इसके बाद दोनों अपराधी अपनी बाइक वहीं पर छोड़कर पैदल भाग गए। पुलिस ने जब्त बाइक से अपराधियों का सुराग जुटा रही है। इस संबंध में नगड़ी थानेदार अभिषेक राय ने बताया कि देर शाम तक अपराधियों के बारे में कोई अहम जानकारी नहीं मिली थी। पारिवारिक समेत जमीन विवाद के एंगल से पूरे मामले की जांच की जा रही है। पूछताछ के लिए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। जानकारी के अनुसार, तीन दिन पहले राजकुमार का अपने चाचा-चाची से विवाद हुआ था। आरोप है कि इसके बाद चचेरे भाई ने उसे जान से मरवाने की धमकी दी थी। पीड़ित ने पुलिस को बताया है कि चाचा-चाची से हुए विवाद के बाद चचेरे भाई ओमकार ने ही पूरी घटना का अंजाम दिलवाया है। आरोपी ओमकार फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस ने गांव के ही दो लोगों को हिरासत में लिया है।


