झारखंड में एक फर्जी वेबसाइट के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग में नियुक्ति का झांसा देकर युवाओं से ठगी की जा रही है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन झारखंड के अभियान निदेशक अबु इमरान ने युवाओं से अपील की है कि वे झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन समिति में नियुक्ति के नाम पर फर्जी वेबसाइट या सोशल मीडिया के झांसे में न आएं। उन्होंने बताया कि e-aushadhijharkhand.online नाम की वेबसाइट के माध्यम से प्रोजेक्ट मैनेजर और अन्य पदों के लिए भर्ती का फर्जी विज्ञापन जारी किया गया है। जिसका झारखंड सरकार के स्वास्थ्य विभाग से कोई संबंध नहीं है। इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी पूरी तरह फर्जी है। अबु इमरान ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और उससे जुड़ी सभी इकाइयों में भर्ती की सूचना केवल सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी वैध विज्ञप्तियों के माध्यम से दी जाती है। इसकी जानकारी सिर्फ आधिकारिक वेबसाइट www.jrhms.jharkhand.gov.in पर ही उपलब्ध होती है। इस मामले में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारियों को जांच व आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।


