भास्कर न्यूज | दुमका भारतीय जनता पार्टी, जरमुंडी विधानसभा की ओर से रविवार को सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन तालझारी विवाह भवन में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अनूप कुमार ने की। शुरुआत दिवंगत मंडल महामंत्री दिवाकर यादव और वरिष्ठ कार्यकर्ता मणिकांत झा उर्फ मन्नो बाबा को श्रद्धांजलि देकर की गई। दो मिनट का मौन रखा गया। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में देवघर के पूर्व विधायक नारायण दास मौजूद रहे। जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर, भाजपा प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा और भाजपा दुमका जिलाध्यक्ष गौरवकांत भी विशेष रूप से शामिल हुए। जिलाध्यक्ष गौरवकांत ने कहा, जरमुंडी में कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और प्रतिबद्धता यह संकेत है कि भाजपा यहां नई ऊंचाइयों को छूने जा रही है। केंद्र सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है। हर मतदाता तक पार्टी की विचारधारा और उपलब्धियां पहुंचनी चाहिए। मुख्य वक्ता नारायण दास ने कहा, भाजपा ने राजनीति को वंशवाद और तुष्टिकरण से निकालकर राष्ट्रहित, सुशासन और विकास के सिद्धांत पर खड़ा किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने 11 वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। विकसित भारत की यात्रा करोड़ों भारतीयों की आकांक्षा और विश्वास का प्रतीक बन चुकी है। भाजपा ने गरीब, किसान, युवा, महिला और हर वर्ग के जीवन को बेहतर बनाया है। जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंवर ने कहा, भाजपा का विस्तार विचारधारा के आधार पर होता है। कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं। पंचायत से संसद तक भाजपा की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि जनता राष्ट्रवाद और विकास के साथ खड़ी है। बूथ को मजबूत करना जरूरी है। प्रदेश मंत्री रविकांत मिश्रा ने कहा, भाजपा अब सिर्फ राजनीतिक दल नहीं, जनआंदोलन बन चुकी है। संगठन की शक्ति, नीति की स्पष्टता और नेतृत्व की निष्ठा ही भाजपा को अलग बनाती है। बूथ स्तर पर संवाद, संपर्क और संगठन को और सक्रिय बनाना होगा। सम्मेलन में लखी नारायण दत्त, सुबोध दत्त, बालकृष्ण पांडे, रतन बिहारी प्रसाद, सचिन राव, नवीन राव, मुरली मंडल, शैलेश राव, प्रवीण सिंह, पप्पू सिंह, बलराम पोद्दार, गौतम राय, मनोज मंडल, तुषार क्रांति भूई, जनार्दन महतो, राम नारायण राय, कामेश्वर शाह, बलराम यादव, गिरधारी रवानी, रामकिशन शाह, अलख निरंजन प्रसाद, अशोक मोदी, यदुनाथ महतो, मुकेश पांडे, अशोक झा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


