अमृतसर| श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर ढपई रोड प्रेम नगर हनू सिटी में हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया। सुबह पंचामृत से हनुमान जी का अभिषेक हुआ। हवन के बाद शाम को भजन संध्या रखी गई। संगत ने बाला जी महाराज के भजनों पर झूमकर जयकारे लगाए। भजन संध्या के बाद बाला जी महाराज का केक काटा गया। संगत ने बताया कि मंदिर के संचालक राघव दास महाराज बड़ी संख्या में लोगों को धर्म से जोड़ रहे हैं। मंदिर में रामायण की तस्वीरें हाथ से बनाई गई हैं। यहां माता वैष्णो देवी की तीन पिंडियां, श्रीराम दरबार, शनि देव मंदिर, भैरव बाबा और शिव परिवार भी विराजमान हैं। हर मंगलवार, शनिवार को बाला जी का कीर्तन होता है। भास्कर न्यूज | अमृतसर लोहारका रोड स्थित वृंदावन ऑरचिड में श्री सालासर हनुमान जी महाराज का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। जैसे ही ‘अंजनी मां के होयो है लाल, बधाई सारे भगता ने’ भजन की स्वर लहरियां गूंजीं, पंडाल में मौजूद सैकड़ों भक्त झूम उठे। आयोजन बालाजी के परम भक्त महेश शर्मा के सान्निध्य में हुआ। महेश शर्मा ने जब ‘कीर्तन की है रात बाबा आज थाने आनो है’ भजन गाया, तो भक्तों ने सुर में सुर मिलाकर बालाजी को रिझाया। इस मौके रसिक नरसी भगत, नरेश राजू, बृजेश ने भी भजनों गाए । बालाजी का भव्य दरबार सजाया गया। दिव्य शृंगार में विराजमान बालाजी की छवि ने सभी को मंत्रमुग्ध किया। फूलों से सजी बाल हनुमान जी की झांकी पूरे परिसर में घुमाई गई। भक्तों ने दर्शन किए।


