बाइक स्लिप हुई, पीछे से आ रहे ट्रक ने कुचला:50 लाख के मुआवजे की मांग को लेकर धरना, ओवरब्रिज बना रही कंपनी पर कार्रवाई की मांग

सीकर में बीती शाम उद्योग नगर इलाके में दासा की ढाणी फाटक के पास चल रहे रेलवे ओवरब्रिज के पास कीचड़ में युवक की बाइक स्लिप हो गई। इसके बाद युवक के ऊपर से ट्रक निकल गया। जिससे युवक की मौत हो गई। घटना के विरोध में आज परिजन सहित सर्वसमाज के लोग 50 लाख के मुआवजे सहित अन्य मांगों को लेकर धरने पर बैठ गए हैं। सांसद अमराराम भी धरने पर आए हैं। यह हादसा शाम 5 से 5:30 बजे के बीच हुआ। पीपली दादली नगर निवासी राकेश सैनी (20) पुत्र पुखराज सैनी गोकुलपुरा की तरफ से पिपराली चौराहा की ओर जा रहा था। इसी दौरान टूटी-फूटी सर्विस रोड पर कीचड़ में उसकी बाइक स्लिप हो गई। बाइक स्लिप होने के बाद उसके ऊपर से ट्रक गुजर गया। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे आसपास के लोग इलाज के लिए हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राकेश के परिवार की आर्थिक हालत भी ज्यादा ठीक नहीं है। राकेश खुद फोटोग्राफी का काम करता था। पिता पुखराज खेती और गाड़ी चलाने का काम करते हैं। बड़ा भाई भी मेहनत मजदूरी का काम करता है। ऐसे में आज मुआवजे की मांग को लेकर परिजन सहित अन्य लोग फाटक के पास धरने पर बैठ गए हैं। जिन्होंने ओवरब्रिज का काम भी बंद करवा दिया। सीकर जिला परिषद वार्ड नं.34 के सदस्य परमानंद सैनी ने बताया कि बीती शाम यह पूरा हादसा हुआ। यहां नजदीक ही मेरा ऑफिस है। वर्तमान में यहां पर ओवरब्रिज का काम चल रहा है। ऐसे में सर्विस रोड पर ओवरब्रिज का काम कर रही कंपनी के द्वारा रोजाना पानी का छिड़काव कर दिया जाता है। जिससे रोजाना कीचड़ फैल जाता है। आए दिन कई हादसे होते हैं। कल शाम को राकेश भी बाइक स्लिप होकर यहां पर गिर गया। इसके बाद उसके ऊपर से ट्रक गुजर गया। हालांकि उसे अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन वहां उसकी मौत हो गई। कांग्रेस नेता राजेश सैनी ने बताया कि घटना के बाद आज 50 लाख के मुआवजे, मृतक युवक के परिवार में एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने, ओवरब्रिज का काम कर रही कंपनी पर कार्रवाई की मांग को लेकर हम धरने पर बैठे हैं। अब तक प्रशासन का कोई बड़ा अधिकारी वार्ता के लिए नहीं आया है। यदि समय रहते प्रशासन वार्ता के लिए नहीं आता है तो हम रोड को जाम कर देंगे। धरने पर बैठे लोगों का कहना है कि जब भी ओवरब्रिज का निर्माण होता है तो सर्विस रोड को आवागमन के लिए पूरी तरह से ठीक किया जाता है। लेकिन यहां पर सर्विस रोड भी टूटी-फूटी है जिस पर रोजाना पानी का छिड़काव करने से यहां कीचड़ फैल जाता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *