अजमेर के नाका मदार क्षेत्र में देर रात प्लॉट में भीषण आग लग गई। एलपीजी गैस के प्लास्टिक पाइप के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटे देख क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर अलवर गेट थाना पुलिस के साथ ही अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारण को लेकर पुलिस जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार नाका मदार स्थित नेहरू नगर में योगेश और पवन नाम के एक व्यक्ति का प्लॉट है। प्लॉट में एलपीजी गैस के प्लास्टिक के पाइप पड़े हुए थे। रात 12 बजे प्लॉट में आग लग गई। पाइप के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। करीब 1 किलोमीटर तक आग की लपटे दिखाई देने लगी। क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर अलवर गेट थाना पुलिस के साथ ही अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने करीब 1 घंटे में आग पर काबू पा लिया। प्लॉट में प्लास्टिक के पाइप के साथ अन्य कबाड़ भी पड़ा हुआ था। अलवर गेट थाना पुलिस आग के कारणों को लेकर जांच में जुटी है। दुकान में भी लगी आग देर रात माकड़वाली स्थिति एक टेलर की दुकान में भी आग लग गई। आग सूचना पर अग्निशमन विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारण को लेकर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


